पैरालंपिक में स्वर्ण के लिए 75 लाख, रजत के लिए 50 लाख और कांस्य के लिए 30 लाख रुपये मिलेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Sep 2024 07:56 PM
पैरालंपिक में स्वर्ण के लिए 75 लाख, रजत के लिए 50 लाख और कांस्य के लिए 30 लाख रुपये मिलेंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने हाल में संपन्न पेरिस पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों के लिए मंगलवार को नकद पुरस्कार की घोषणा की जिसमें स्वर्ण पदक विजेताओं को 75 लाख, रजत पदक विजेताओं को 50 लाख और कांस्य पदक विजेताओं को 30 लाख रुपये दिए जाएंगे.

तीरंदाज शीतल देवी की तरह मिश्रित टीम स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 22.5 लाख रुपये मिलेंगे. यहां पदक विजेताओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित भव्य समारोह में खेल मंत्री ने यह घोषणा की. मांडविया ने 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक में अधिक पदक जीतने के लिए पैरा खिलाड़ियों को पूर्ण समर्थन और सुविधाएं देने का भी वादा किया.

उन्होंने कहा, ”देश पैरालंपिक और पैरा खेलों में आगे बढ. रहा है. 2016 में 4 पदकों से, भारत ने तोक्यो में 19 पदक, पेरिस में 29 पदक जीते और 18वें स्थान पर रहा.” मांडविया ने कहा, ”हम अपने सभी पैरा खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं प्रदान करेंगे ताकि हम 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक में और अधिक पदक तथा स्वर्ण पदक जीत सकें.” भारत ने पेरिस पैरालंपिक में अपने ऐतिहासिक अभियान का समापन 29 पदकों के साथ किया जिसमें सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं जो प्रतियोगिता के इतिहास में देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

भारत ने अपने शानदार प्रदर्शन के साथ पैरालंपिक खेलों के इतिहास में 50 पदकों का आंकड़ा भी पार कर लिया. पैरालंपिक पदक विजेताओं का मंगलवार को यहां स्वदेश वापस लौटने पर सैकड़ों प्रशंसकों ने फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ जोरदार स्वागत किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu