मॉस्को. यूक्रेन द्वारा दागे गए 140 से अधिक ड्रोन ने रात भर में राजधानी मॉस्को सहित कई क्षेत्रों को निशाना बनाया जो रूस के खिलाफ देश के अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक है. रूसी अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि मॉस्को के पास रामेंस्कोए शहर में ड्रोन ने दो बहु-मंजिला आवासीय इमारतों को निशाना बनाया जिससे उनमें आग लग गई.
यह इस महीने रूस पर दूसरा बड़ा यूक्रेनी ड्रोन हमला था. एक सितंबर को रूसी सेना ने कहा था कि उसने एक दर्जन से अधिक रूसी क्षेत्रों में यूक्रेन द्वारा दागे गए 158 ड्रोन को मार गिराया है, जिसे रूसी मीडिया ने युद्ध की शुरुआत के बाद से सबसे बड़ा यूक्रेनी ड्रोन हमला बताया था. रूस की जांच समिति ने एक आतंकवादी हमले के रूप में र्विणत इस हमले की आपराधिक जांच की घोषणा की थी.
मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि सोमवार को मॉस्को में हुए ड्रोन हमले का मलबा शहर के बाहरी इलाके में एक निजी घर पर जा गिरा, लेकिन इसमे कोई हताहत नहीं हुआ, उन्होंने मॉस्को की ओर बढ़ रहे दर्जनों ड्रोन को देखा जिन्हें शहर के करीब आते ही सेना ने मार गिराया. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने नौ रूसी क्षेत्रों में यूक्रेन द्वारा दागे गए कुल 144 ड्रोन को मार गिराया.
इस बीच संयुक्त राष्ट्र के अनुसार रूस ने यूक्रेन पर मिसाइलों, ग्लाइड बमों और अपने ड्रोन से हमला किया है, जिसमें 10,000 से अधिक नागरिकों की मौत हो चुकी है यूक्रेनी अधिकारियों ने शिकायत की है कि देश के पश्चिमी भागीदारों द्वारा दिए गए हथियार यूक्रेनी सेना की ज.रूरतों के हिसाब से कम हैं और सामान्य तौर पर वादा किए जाने के काफी समय बाद आते हैं. राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रक्षा कंपनियों से अपना उत्पादन बढ़ाने का आग्रह किया है.