एसीटी हॉकी : राजकुमार की है्टि्रक से भारत ने मलेशिया को 8-1 से हराकर भारत सेमीफाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Sep 2024 08:51 PM
एसीटी हॉकी : राजकुमार की है्टि्रक से भारत ने मलेशिया को 8-1 से हराकर भारत सेमीफाइनल में
ऑडियो सुनें

हुलुनबुइर. युवा स्ट्राइकर राजकुमार पाल की हैट्रिक के दम पर गत विजेता भारत ने मलेशिया को 8 . 1 से हराकर लगातार तीसरी जीत के साथ बुधवार को यहां हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. राजकुमार (तीसरा, 25वां और 33वां मिनट) के अलावा अराइजीत सिंह हुंडल (छठा और 39वां मिनट), जुगराज सिंह (सातवां मिनट), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (22वां मिनट) और उत्तम सिंह (40वां मिनट) ने गोल दागे. मलेशिया के लिये अखिमुल्लाह अनवर (34वां मिनट) ने एकमात्र गोल किया. भारत तीन मैच जीतकर नौ अंक के साथ शीर्ष पर है.

छह टीमों का टूर्नामेंट राउंड रॉबिन आधार पर खेला जा रहा है जिसमें शीर्ष चार टीमें 16 सितंबर को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी . फाइनल 17 सितंबर को खेला जायेगा. भारत ने इससे पहले मेजबान चीन को 3-0 से और जापान को 5-1 से हराया था .पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम का सामना बृहस्पतिवार को कोरिया से और शनिवार को पाकिस्तान से होगा. भारत और मलेशिया के बीच 2023 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम हाफटाइम तक 1-3 से पीछे थी जिसके बाद वापसी करके 4-3 से जीत दर्ज करके खिताब जीता.

भारतीय स्ट्राइकरों ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए पांच फील्ड गोल किये जबकि जुगराज, हरमनप्रीत और उत्तम ने पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किये. भारत ने आक्रामक शुरूआत करके पहले ही क्वार्टर में लगातार हमले बोले . राजकुमार ने तीसरे ही मिनट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अकेले दम पर गेंद को गोल के भीतर डाला . तीन मिनट बाद अराइजीत ने भारत की बढत दुगुनी कर दी. एक मिनट बाद जुगराज ने पेनल्टी कॉर्नर भुनाकर भारत को पहले ही क्वार्टर में 3-0 की बढत दिला दी . दूसरे क्वार्टर में मलेशिया ने आक्रामक शुरूआत की और पेनल्टी कॉर्नर भी बनाया लेकिन गोल नहीं हो सका .

भारत को 22वें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले जिनमें से एक पर हरमनप्रीत ने गोल किया . कुछ मिनट बाद राजकुमार ने अराइजीत और उत्तम के शानदार मूव पर अपना दूसरा गोल किया. दूसरे हाफ के तीसरे ही मिनट में राजकुमार ने सीनियर स्तर पर अपनी पहली हैट्रिक पूरी करते हुए विवेक सागर प्रसाद के पास पर तीसरा गोल किया. मलेशिया के लिये इस बीच अनवर ने एक गोल दागा. भारत के लिये अराइजीत ने नीलाकांता के पास पर गोल किया जबकि उत्तम ने पेनल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड के जरिये गोल दागा. इससे पहले एक अन्य मैच में पाकिस्तान ने जापान को 2-1 से हराया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu