एविग्नन. दक्षिण फ्रांस में एक दशक तक पत्नी को नशीला पदार्थ देने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के लिए दर्जनों पुरुषों को बुलाने के सनसनीखेज मामले के आरोपी के खिलाफ अदालत में मुकदमा शुरू हो गया है, और मंगलवार को वह अदालत में बयान दर्ज करा रहा है. इस मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था.
मामले के आरोपी डोमिनिक पेलीकोट (71) को दोषी पाए जाने पर 20 साल के जेल की सजा हो सकती है. उसकी गवाही अदालत में उसके साथ खड़े करीब 50 अन्य लोगों के लिए अहम होगी, जिनके खिलाफ आरोपी की पत्नी गिसेले पेलीकोट के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है.
फ्रांस में यौन हिंसा के खिलाफ लड़ाई का प्रतीक बन चुकी पीड़िता गिसेले पेलीकोट मामले में अपनी पहचान उजागर करने के लिए राजी हो गयी हैं और उन्होंने इस मुकदमे की सुनवाई खुली अदालत में करने को मंजूरी दे दी है. वह अपने पूर्व पति की गवाही के बाद अदालत में बयान दर्ज करा सकती हैं.
मुकदमे की सुनवाई देखने अदालत में पहुंची 69 वर्षीय बर्नाडेटे टेसनेयर ने कहा, ”50 वर्ष के गृहस्थ जीवन में यह कैसे संभव हो सकता है कि कोई ऐसे इंसान के साथ रहे जो अपनी जिंदगी को इतनी अच्छी तरह छुपाता है . यह भयावह है.” पेलीकोट के वकीलों ने बताया कि उनके मुवक्किल के बीमार पड़ने के कारण कई दिनों तक उसकी गवाही में देरी हुई. अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, यह हैरान करने वाला मामला 2020 में सामने आया जब एक सुरक्षा एजेंट ने पेलीकोट को एक सुपरमार्केट में महिलाओं का अंतरंग वीडियो बनाते पकड़ा. इसके बाद पुलिस ने पेलीकोट के मकान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की और गिसेले पेलीकोट के साथ यौन संबंधों में लिप्त पुरुषों की हजारों तस्वीरें और वीडियो बरामद की.
दस्तावेज के अनुसार, पुलिस जब पेलीकोट के घर पहुंची तो उस समय गिसेले अपने बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिली थी. जांच के दौरान पुलिस 72 संदिग्धों में से ज्यादातर का पता लगाने में कामयाब रही. गिसेले और पेलीकोट के तीन बच्चे हैं. सेवानिवृत्त होने के बाद दंपती पेरिस से प्रोवेंस के छोटे-से शहर मजान में आकर बस गए.
कानूनी दस्तावेजों के अनुसार, जब पुलिस अधिकारियों ने गिसेले को पूछताछ के लिए बुलाया था तो शुरुआत में उन्होंने बताया था कि उनका पति एक ”अच्छा आदमी” है. उन्होंने गिसेले को कुछ तस्वीरें दिखायी, इसके बाद उसने अपने पति को छोड़ दिया और अब उनका तलाक हो चुका है. पेलीकोट के अलावा 26 से 74 वर्ष की आयु के 50 अन्य पुरुष मुकदमे का सामना कर रहे हैं. उनमें से कई ने गिसेले के साथ दुष्कर्म करने से इनकार करते हुए दावा किया कि पेलीकोट ने उनसे झूठ बोला था, और उन्हें लगा था कि गिसेले यौन संबंध बनाने के लिए राजी हैं.