बांग्लादेश में संकट का भारतीय उद्योगों पर कोई खास असर नहीं: क्रिसिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 Sep 2024 08:46 PM
बांग्लादेश में संकट का भारतीय उद्योगों पर कोई खास असर नहीं: क्रिसिल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/ढाका. रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने मंगलवार को कहा कि बांग्लादेश के हालिया घटनाक्रम का भारत के कारोबार पर कोई खास असर नहीं हुआ है और भारतीय उद्योग जगत की साख गुणवत्ता पर निकट-अवधि में इसका प्रभाव पड़ने की उम्मीद नहीं है. क्रिसिल रेटिंग्स ने एक रिपोर्ट में कहा कि बांग्लादेश संकट का प्रभाव उद्योग एवं क्षेत्र-विशेष की बारीकियों और जोखिम के आधार पर अलग-अलग होगा.

उसने कहा, “हमें भारत के उद्योग जगत की क्रेडिट गुणवत्ता पर निकट-अवधि में इस घटनाक्रम का प्रभाव पड़ने की उम्मीद नहीं है. हालांकि लंबे समय तक व्यवधान रहने पर कुछ निर्यात-उन्मुख उद्योगों के राजस्व और कार्यशील पूंजी चक्रों पर असर देखने को मिल सकता है.” फुटवियर, दैनिक उपभोग का सामान बनाने वाली कुछ कंपनियों की विनिर्माण इकाइयां बांग्लादेश में स्थित होने से उन कंपनियों पर इसका असर पड़ सकता है. संकट शुरू होने पर इन संयंत्रों को परिचालन चुनौतियों का सामना करना पड़ा था लेकिन अब अधिकांश इकाइयों का परिचालन शुरू हो गया है.

इसके साथ ही क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने कहा कि बांग्लादेशी मुद्रा टका के रुख पर भी नजर रखनी होगी. क्रिसिल के मुताबिक, बांग्लादेश के साथ भारत का व्यापार अपेक्षाकृत कम है. यह पिछले वित्त वर्ष में इसके कुल निर्यात का 2.5 प्रतिशत और कुल आयात का 0.3 प्रतिशत था.

भारत से बांग्लादेश को होने वाले वस्तु निर्यात में मुख्य रूप से कपास और सूती धागा, पेट्रोलियम उत्पाद और बिजली शामिल हैं, जबकि आयात में मुख्य रूप से वनस्पति वसा तेल, समुद्री उत्पाद और परिधान शामिल हैं. पिछले महीने बांग्लादेश में छात्रों के व्यापक प्रदर्शन के बाद अराजकता फैलने से तमाम गतिविधियां ठप पड़ गई थीं. हालांकि नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का मुखिया बनाने के बाद से हालात सामान्य होने लगे हैं.

विश्व बैंक बांग्लादेश को दे सकता है दो अरब डॉलर की अतिरिक्त राशि

विश्व बैंक ने मंगलवार को कहा कि वह चालू वित्त वर्ष में बांग्लादेश को दो अरब अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त राशि दे सकता है. यह राशि महत्वपूर्ण सुधारों, बाढ़ से निपटने, बेहतर वायु गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दी जाएगी. विश्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक अब्दुलाय सेक ने मंगलवार को ढाका में अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस से मुलाकात के दौरान नयी सहायता देने का वादा किया.

सेक ने कहा, ”विश्व बैंक चालू वित्त वर्ष में बांग्लादेश को दिए जाने वाले कर्ज को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि अंतरिम सरकार के सुधार एजेंडे में मदद मिल सके.” मुख्य सलाहकार ने एक्स पर पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी. यूनुस ने एक्स लिखा, ”सेक ने बताया कि विश्व बैंक चालू वित्त वर्ष में महत्वपूर्ण सुधारों, बाढ़ प्रतिक्रिया, बेहतर वायु गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं का समर्थन करने के लिए लगभग दो अरब डॉलर का नया वित्तपोषण कर सकता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu