उमेश ने स्वर्ण जीता, सुकांत, सिवाराजन और मंदीप को रजत पदक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Sep 2024 08:09 PM
उमेश ने स्वर्ण जीता, सुकांत, सिवाराजन और मंदीप को रजत पदक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. उमेश विक्रम ने रविवार को यहां इंडोनेशिया पैरा बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में एसएल3 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि सुकांत कदम, सिवाराजन सोलाईमलई और मंदीप कौर ने अपनी स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किये. सुकांत ने पुरुष एकल एसएल4 स्पर्धा में जबकि सिवाराजन ने पुरुष एकल एसएच6 वर्ग में रजत पदक जीता. मंदीप को महिला एकल एसएल3 वर्ग में रजत पदक मिला.

भारत ने इंडोनेशिया के सराकार्ता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय लेवल 2 के टूर्नामेंट में 34 पदक जीते. पुरुष एकल एसएल3 में उमेश ने हमवतन और शीर्ष वरीय नेहाल गुप्ता पर फाइनल में 12-21 21-8 21-19 से जीत हासिल की. सुकांत पेरिस पैरालंपिक में प्लेऑफ में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान से हारकर कांस्य पदक से चूक गये थे और वह यहां एसएल4 फाइनल में फिर इस इंडोनेशियाई से 14-21 14-21 से पराजित हो गये.

सिवाराजन को एसएच6 फाइनल में शीर्ष वरीय इंडोनेशियाई सुभान सुभान से 19-21 15-21 से हार मिली. मंदीप कौर को एसएल3 फाइनल में इंडोनेशिया की शीर्ष वरीय कोनिताह इख्तियार सयाकुरोह से 10-21 5-21 से हार से रजत पदक से संतोष करना पड़ा. भारतीय दल का टूर्नामेंट में प्रदर्शन मजबूत रहा, पर उमेश ही एकल में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी रहे. जगदीश दिली ने इसी वर्ग में कांस्य पदक जीता.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu