सावरकर पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी को भाजपा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Oct 2024 10:23 PM
सावरकर पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी को भाजपा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/इंदौर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर के बारे में कर्नाटक के मंत्री दिनेश गुंडू राव की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी का अपमान करने का आरोप लगाया. पार्टी ने कहा कि जिस पार्टी के किसी भी नेता ने एक दिन के लिए भी ‘कालापानी की सजा’ नहीं झेली, वह उस व्यक्ति का अपमान कर रही है जिसे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सेलुलर जेल में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने एक कार्यक्रम में दावा किया था कि सावरकर मांस खाया करते थे और वह गौ वध के खिलाफ नहीं थे.

उन्होंने बुधवार को कहा, ”सावरकर एक चितपावन ब्राह्मण थे और वह मांस खाया करते थे. वह एक मांसाहारी व्यक्ति थे तथा गौ वध के खिलाफ नहीं थे. इस लिहाज से वह आधुनिक थे.” भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण और अपमानजनक है. देश की स्वतंत्रता के लिए लगातार अंग्रेजों से लोहा लेने वाले और जिनसे अंग्रेज घबराते थे, ऐसे वीर सावरकर का यह अपमान है. यह कांग्रेस की आदत है कि वह लगातार देश के स्वतंत्रता सेनानियों का और देश के लिए सीमा पर अपने प्राण दांव पर लगाने वाले वीर सैनिकों का हमेशा ही अपमान करती रही है.”

उन्होंने कहा, ”जिस पार्टी के किसी भी नेता ने एक दिन के लिए भी ‘कालापानी की सजा’ नहीं झेली, वह उस व्यक्ति का अपमान कर रही है जिसे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सेलुलर जेल में दोहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी.” चुघ ने कहा कि देश में क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा रहे वीर सावरकर का अपमान करना चांद पर थूकने के समान है. भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ का नारा लगाने वाले कन्हैया कुमार को कांग्रेस गले लगाती है, अफजल गुरु (संसद हमले के दोषी) को नायक मानने वालों के लिए ‘रेड कार्पेट बिछाती है.

उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी ने किस तरह की मोहब्बत की दुकान खोल दी है जहां शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया जाता है.” भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी कर्नाटक के मंत्री की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और पार्टी से अपने किसी शीर्ष नेता का नाम बताने को कहा जिसे अंग्रेजों ने दोहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई हो और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सेलुलर जेल में रखा हो. उन्होंने कहा कि जब सावरकर को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी तब ब्रिटिश सिविल सेवक विलियम वेडरबर्न भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष थे. त्रिवेदी ने आरोप लगाया, ”वे ब्रिटिश शासकों के पैरों तले बैठे थे.”

कई मुद्दों पर सावरकर के “अलग विचार” होंगे, लेकिन उन्हें बदनाम न करें कांग्रेस नेता : भाजपा
हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर के बारे में कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि कई मुद्दों पर सावरकर के विचार अलग होंगे, लेकिन कांग्रेस नेताओं को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के अपमान का कोई अधिकार नहीं है. राव ने दावा किया है कि सावरकर मांस खाते थे और गौ वध के खिलाफ नहीं थे.

इस बारे में प्रतिक्रिया मांगे जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ”स्वातंर्त्य वीर सावरकर को कांग्रेस नेता इस तरह बदनाम न करें. पूरे देश में सावरकर का सम्मान किया जाता है. कई मुद्दों पर उनके विचार अलग होंगे, लेकिन कांग्रेस नेताओं को उनका अपमान करने का अधिकार नहीं है.” उन्होंने कहा कि वह देशी गाय को ”राज्य माता-गोमाता” घोषित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार को धन्यवाद देते हैं.

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ”गाय पूरे देश के लिए गोमाता है. हम शुरू से चाहते हैं कि पूरे देश में गोवध पर प्रतिबंध लगना चाहिए.” हरियाणा में विधानसभा चुनाव से दो दिन पहले भाजपा को झटका देते हुए वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर की कांग्रेस में वापसी पर हुसैन ने कहा कि इस पालाबदल से भाजपा पर कोई फर्क नहीं पडेग़ा.

उन्होंने कहा,”हमें नहीं पता था कि तंवर का मन इतना भटकता है. वह दिन भर भाजपा का प्रचार करते रहे और शाम को कांग्रेस की गोद में फिर से बैठ गए.” तंवर इस वर्ष की शुरुआत में भाजपा में शामिल हुए थे. इसके बाद उन्होंने मई में सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा के खिलाफ चुनाव लड़ा था. भाजपा ने सिरसा से निवर्तमान सांसद सुनीता दुग्गल का टिकट काटकर तंवर को उम्मीदवार बनाया था. हुसैन ने कहा, ”अगर तंवर की राजनीति में वजन होता, तो वह पिछला लोकसभा चुनाव जीत जाते.” उन्होंने कांग्रेस पर हरियाणा को बांटने की पूरी कोशिश करने का आरोप लगाया और दावा किया कि इस सूबे की सारी बिरादरियों के समर्थन से भाजपा विधानसभा चुनाव जीतेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu