जम्मू-कश्मीर जैसे ‘आधे राज्य’ को चलाने में उमर अब्दुल्ला से अनुभव साझा करने को तैयार: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Oct 2024 07:14 PM
जम्मू-कश्मीर जैसे ‘आधे राज्य’ को चलाने में उमर अब्दुल्ला से अनुभव साझा करने को तैयार: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

डोडा. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला को विधानसभा चुनाव जीतने पर बधाई दी और कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर जैसे ‘आधे राज्य’ को चलाने में कोई समस्या आती है तो वह (उमर) उनसे सलाह ले सकते हैं.

केजरीवाल ने कहा, ”उमर अब्दुल्ला अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे. मैं उन्हें ‘इंडिया’ गठबंधन का मुख्यमंत्री बनने के लिए बधाई देता हूं. हम सफल सरकार चलाने में उनका पूरा समर्थन करेंगे और उम्मीद करते हैं कि जम्मू-कश्मीर उनके नेतृत्व में विकास के पथ पर आगे बढ.ेगा.” दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”दिल्ली को आधा राज्य इसलिए कहा जाता है कि मुख्यमंत्री के पास सीमित शक्तियां होती हैं. अब उन्होंने (भाजपा) जम्मू-कश्मीर को भी आधा राज्य बना दिया है, जिसका मतलब है कि निर्वाचित सरकार के पास न्यूनतम शक्तियां हैं, जबकि उपराज्यपाल के पास अधिक शक्तियां हैं.” केजरीवाल ने कहा, ”मैं उमर से कहना चाहता हूं कि अगर उन्हें अपने काम में कोई कठिनाई आती है, तो मुझसे सलाह ले सकते हैं, क्योंकि मैंने दिल्ली में 10 साल तक सरकार चलाई है.” केजरीवाल आम आदमी पार्टी के मेहराज मलिक को जम्मू-कश्मीर विधानसभा में आप का पहला सदस्य चुने जाने पर लोगों को धन्यवाद देने के लिए डोडा में थे. केजरीवाल की मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भाजपा नीत केंद्र सरकार से कई बार तकरार हुई.

मलिक ने डोडा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गंजेय सिंह राणा को 4,538 मतों से हराया. मलिक ने इस सीट पर पूर्व मंत्रियों नेशनल कॉन्फ्रेंस के खालिद नजीब सुहरावर्दी और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अब्दुल मजीद वानी को भी शिकस्त दी. मलिक जम्मू-कश्मीर विधानसभा के लिए जीत दर्ज करने वाले आप के पहले सदस्य बन गए.

केजरीवाल ने कहा, ”आप औपचारिक रूप से उमर के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन कर रही है और मुझे उम्मीद है कि उनकी सरकार मेहराज मलिक को जिम्मेदारी देगी ताकि वह न केवल डोडा के लिए काम कर सकें बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को अपनी सेवाएं भी दे सकें.” आप नेता ने कहा कि मलिक ने धर्म के नाम पर जीत हासिल नहीं की है, बल्कि उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसे बुनियादी मुद्दों को उठाया है.

उन्होंने कहा, ”आम आदमी पार्टी डोडा और जम्मू-कश्मीर का विकास चाहती है…हम सांसद, विधायक, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में नहीं हैं, बल्कि हम व्यवस्था के खिलाफ लंबे संघर्ष में हैं और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए देश में एक अलग तरह की राजनीति शुरू करना चाहते हैं.” मलिक को वोट देने के लिए लोगों को धन्यवाद देते हुए केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी की ऐतिहासिक जीत अगले 10 वर्षों में जम्मू-कश्मीर की स्थिति और इतिहास को बदल देगी.

उन्होंने कहा, ”आपने न केवल आप का बीज बोया है, बल्कि एक अलग तरह की राजनीति का बीज बोया है. आप एक पार्टी नहीं है, बल्कि एक नयी विचारधारा, नयी तरह की राजनीति का नाम है. आप गरीबों के बच्चों को शिक्षित करने के लिए स्कूल स्थापित करती है, सरकारी अस्पतालों का कायाकल्प करती है और लोगों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu