गुजरात में पांच हजार करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Oct 2024 10:45 PM
गुजरात में पांच हजार करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन बरामद
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/इंदौर. गुजरात के अंकलेश्वर में दिल्ली पुलिस और गुजरात पुलिस ने रविवार को एक संयुक्त अभियान में पांच हजार करोड़ रुपये मूल्य की 518 किलोग्राम कोकीन जब्त की. सूत्रों ने बताया कि इसके साथ ही दिल्ली और गुजरात में एक पखवाड़े के भीतर कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा 13,000 करोड़ रुपये मूल्य की 1,289 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक थाईलैंड मारिजुआना’ जब्त की गई है.

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ और गुजरात पुलिस ने रविवार को अंकलेश्वर में एक दवा कंपनी में तलाशी के दौरान 518 किलोग्राम कोकीन बरामद करने का दावा किया. सूत्रों ने बताया कि जब्त कोकीन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग पांच हजार करोड़ रुपये बताई जा रही है.

विशेष प्रकोष्ठ ने एक अक्टूबर को दिल्ली के महिपालपुर में एक गोदाम पर छापा मारकर 562 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक मारिजुआना’ की खेप जब्त की थी. सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान 10 अक्टूबर को दिल्ली के रमेश नगर की एक दुकान से लगभग 208 किलोग्राम अतिरिक्त कोकीन बरामद की गई थी. सूत्रों ने बताया कि पुलिस को पता चला कि यह मादक पदार्थ एक कंपनी का था, जिसने इसे अंकलेश्वर की दवा कंपनी से प्राप्त किया था.

मध्यप्रदेश में मेफेड्रोन के एक और अवैध कारखाने का खुलासा, 168 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ जिले में मेफेड्रोन का अवैध उत्पादन कर रहे कारखाने के भंडाफोड़ के साथ इस इकाई के निदेशक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. डीआरआई के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि कारखाने से करीब 168 करोड़ रुपये के अनुमानित मूल्य वाला मादक पदार्थ जब्त किया है. उन्होंने बताया कि मेघनगर औद्यौगिक क्षेत्र में संचालित किए जा रहे इस कारखाने की मुखबिर की सूचना पर शनिवार तड़के जांच की गई.

अधिकारी ने बताया कि इस कारखाने से 36 किलोग्राम मेफेड्रोन पाउडर और 76 किलोग्राम द्रव मेफेड्रोन के साथ ही कच्चा माल और उपकरण स्वापक औषधि एवं मन? प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत जब्त किए गए हैं. उन्होंने बताया कि इकाई को सील कर दिया गया है. अधिकारी ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 168 करोड़ रुपये आंकी जा रही है.

उन्होंने बताया कि कारखाने से लिए नमूनों की एक अपराध विज्ञान प्रयोगशाला से जांच कराई गई जिसमें मेफेड्रोन होने की पुष्टि हुई.
गुजरात पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने पांच अक्टूबर को सूबे की राजधानी भोपाल में मादक पदार्थ के कारखाने का भंडाफोड़ किया था जहां से 907.09 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया था जिसकी अनुमानित कीमत 1,814 करोड़ रुपये है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu