हमें अपनी संस्कृति व परंपरा को सहेज कर रखना होगा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Oct 2024 10:46 PM
हमें अपनी संस्कृति व परंपरा को सहेज कर रखना होगा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सूरजपुर जिले के ग्राम सिलौटा प्रतापपुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित आदिवासी करमा महातिहार कार्यक्रम में प्रतापपुर में नवीन एसडीएम कार्यालय का निर्माण, चंदोरा जजावल सड़क निर्माण, प्रतापपुर में रेस्ट हाउस एवं बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण तथा गर्भवती महिलाओं के लिए चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए फर्स्ट रेफरल यूनिट की सुविधा प्रदान करने की घोषणा की.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गांव बनाने के उद्देश्य से ’हमर सुघर गांव’ और सूरजपुर जिले के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वॉट्सएप्प बेस्ड चैटबोट प्लेटफार्म समाधान सूरजपुर एप का शुभारंभ किया. उन्होंने जिले के विकास कार्यों पर आधारित विकास पत्रिका’ प्रगति पत्रक का विमोचन किया और जिला प्रशासन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने हेतु शुरू किए गए चैंपियंस ऑफ चेंज अवॉर्ड का भी शुभारंभ किया.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह खुशी की बात है कि आदिवासी समाज के लोग अपनी संस्कृति व परंपरा को सहजने के लिए बढ़ चढ़कर आगे आ रहे हैं. उन्होंने लोगों को करमा तिहार की बधाई देते हुए कहा कि यह उत्सव हमारी संस्कृति एवं परंपरा का हिस्सा है इसे हमे आगे भी जारी रखना है. हमें अपनी एकता का परिचय देते हुये इसे निरंतर एकजुट होकर उत्साह पूर्वक मानना है. उन्होंने लोगों से अपनी परंपराओं से जुड़े रहने का आव्हान किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में निरंतर लोगों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है. केंद्र और राज्य सरकार निरंतर आदिवासियों के सम्मान के लिए काम कर रही है. अति पिछड़ा वर्ग के आदिवासियों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना का कार्यान्वयन किया जा रहा है. उन्होंने जनजातीय उत्थान के लिए जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के बारे में भी लोगों को जानकारी दी.

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया. कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंर्तगत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शासन के विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि का चेक, अनुदान राशि एवं सामग्री का वितरण किया.

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि करमा महोत्सव सरगुजा की विशिष्ट पहचान है. यह उत्सव यहां की मिट्टी में रचा-बसा है. महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि करमा महोत्सव प्राकृतिक धरोहर का अभिन्न अंग है. विधायक प्रतापपुर शकुंतला सिंह पोर्ते ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के स्वागत में अभिनंदन पत्र का वाचन किया. इस अवसर पर विधायक सर्वभूलन सिंह मरावी, रामकुमार टोप्पो, प्रबोध मिंज, राजेश अग्रवाल, उद्धेश्वरी पैकरा, भैयालाल रजवाड़े एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu