आदित्य चोपड़ा ने बड़े बजट की एक्शन फिल्म में मुझे रोल देने से मना कर दिया था : वरुण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Oct 2024 08:13 PM
आदित्य चोपड़ा ने बड़े बजट की एक्शन फिल्म में मुझे रोल देने से मना कर दिया था : वरुण
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्म अभिनेता वरुण धवन ने मंगलवार को खुलासा किया कि उन्होंने एक बार फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा से किसी एक्शन फिल्म में भूमिका देने की मांग की थी, लेकिन निर्माता ने यह कहते हुए उन्हें मना कर दिया था कि फिलहाल उनको लेकर अधिक बजट की फिल्म बनाना उचित नहीं होगा.

”सिटाडेल : हनी बनी” सीरिज पूर्व में लोगों की पसंदीदा जासूसी श्रृंखला ”सिटाडेल” का भारतीय रूप है और इसमें सामंथा रूथ प्रभु के साथ वरुण धवन नजर आएंगे. धवन ने प्राइम वीडियो शो का ‘ट्रेलर’ जारी होने के मौके पर इस वाकए का जिक्र किया. धवन ने कहा, ”लॉकडाउन के दौरान मैं आदित्य चोपड़ा से मिला, वह उस समय फिल्म ‘टाइगर-3’ पर काम कर रहे थे. मैंने उनसे पूछा, ‘आप युवा प्रतिभाओं के साथ एक्शन फिल्म क्यों नहीं बनाते? उन्होंने कहा, ‘मैं आपको अभिनय वाली भूमिकाएं देना चाहता हूं, एक्शन वाली भूमिकाएं नहीं देना चाहता.”’

धवन ने कहा, ”चोपड़ा ने कहा कि ‘मैं ऐसा नहीं कर सकता क्योंकि मैं आपको अभी वह बजट नहीं दे सकता. आप उस स्थिति में नहीं हैं कि मैं आपको इतना बड़ा बजट दे सकूं.” धवन ने कहा कि जब ”हनी बनी” उनके पास आई, तो उन्होंने ”द फैमिली मैन” और ”फर्जी” के निर्माता राज निदिमोरु तथा कृष्णा डीके एवं अमेजॉन प्राइम वीडियो से पहला सवाल इसके बजट के बारे में पूछा.

एटली द्वारा निर्मित ”बेबी जॉन” में अभिनय करने के लिए तैयार धवन ने कहा कि वह दक्षिण के फिल्म निर्माताओं के आभारी हैं जिन्होंने उन्हें एक्शन फिल्मों में काम करने का अवसर दिया और उम्मीद जताई कि बॉलीवुड भी इस पर ध्यान देगा. ”सिटाडेल: हनी बनी” 90 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसे एक रोचक कथा के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें प्रेम कहानी को एक्शन के साथ मिश्रित किया गया है. के. के. मेनन, साकिब सलीम और सिकंदर खेर अभिनीत हिंदी सीरीज का प्रीमियर सात नवंबर को प्राइम वीडियो पर होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu