यूएई में लापता हुए रब्बी की हत्या की गई: इजराइल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Nov 2024 08:23 PM
यूएई में लापता हुए रब्बी की हत्या की गई: इजराइल
ऑडियो सुनें

तेल अवीव/बेरूत. इजराइल ने रविवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में लापता हुए एक इजराइली-मॉल्डोवाई रब्बी (धर्मगुरु) की हत्या कर दी गई है और उनका शव बरामद किया जा चुका है. इजराइल ने इस घटना को “यहूदी विरोधी जघन्य आतंकवादी घटना” करार दिया. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू के कार्यालय ने कहा कि इजराइल रब्बी की मौत के लिए जिम्मेदारी अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा.

दुबई में एक दुकान के मालिक रब्बी ज्वी कोगान (28) बृहस्पतिवार को लापता हो गए थे. साल 2020 में अब्राहम समझौता होने के पश्चात इजराइल और यूएई के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से इजराइली व्यापार और पर्यटन के लिए दुबई का रुख कर रहे हैं. यूएई सरकार की ओर से हत्या के मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

रविवार की सुबह यूएई की सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम ने कोगान के लापता होने की बात स्वीकार की, लेकिन यह स्पष्ट रूप से स्वीकार नहीं किया कि उनके पास इजरायल की नागरिकता है. यूएई ने उन्हें केवल मोल्दोवन बताया था. यूएई के गृह मंत्रालय ने कोगान को “लापता और संपर्क से बाहर” बताया था. गृह मंत्रालय ने कहा था, “रिपोर्ट मिलने के बाद विशेष अधिकारियों ने तुरंत खोज और जांच अभियान शुरू कर दिया.” कोगन की पत्नी रिवकी एक अमेरिकी नागरिक हैं जो उनके साथ संयुक्त अरब अमीरात में रहती थीं. वह रब्बी गैवरियल होल्ट्जबर्ग की भतीजी हैं, जो 2008 के मुंबई हमलों में मारे गए थे.

इजराइल के हमले में लेबनान के सैनिक की मौत, 18 घायल

इजराइल के हमले में रविवार को लेबनान के एक सैनिक की मौत हो गई जबकि 18 अन्य घायल हो गए. लेबानान की सेना ने यह जानकारी दी. इस बीच, हिज्बुल्ला ने उत्तरी और मध्य इजराइल पर रॉकेट दागे, जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए. इजराइल और हिज्बुल्ला के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइली हमलों में 40 से अधिक लेबनानी सैनिकों की मौत हो चुकी है. हालांकि लेबनान की सेना इस युद्ध से मौटे तौर पर दूर रही है. इजराइली सेना की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. इससे पहले लेबनानी सैनिकों पर हुए हमलों को इजराइली सेना ने गलती से हुए हमले करार दिया था. लेबनान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने हमले की निंदा करते हुए इसे अमेरिका के नेतृत्व में हो रहे संघर्ष विराम प्रयासों पर हमला बताया.

प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में उन्होंने कहा, “(इजराइल) फिर से लेबनानी खून से उस समाधान को बेशर्मी से खारिज कर रहा है जिस पर चर्चा की जा रही है.” हिजबुल्ला ने रविवार को उत्तरी और मध्य इजराइल में रॉकेट दागे, जिनमें से कुछ को रोक दिया गया.
इजराइल की मैगन डेविड एडोम बचाव सेवा ने कहा कि पेटाह टिकवा शहर में दो लोगों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें से 23 वर्षीय एक व्यक्ति है जो विस्फोट में मामूली रूप से घायल हो गया था जबकि 70 वर्षीय महिला कार में आग लगने के कारण घायल हुई है.
इसके अलावा उत्तरी इजराइल में तीन अन्य लोगों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें से 60 वर्षीय व्यक्ति की हालत गंभीर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu