
नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर कथित नि्क्रिरयता के लिए भाजपा नीत केंद्र सरकार पर रविवार को निशाना साधते हुए दावा किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय 30 नवंबर को मालवीय नगर में उनकी पदयात्रा के दौरान उन पर हमला कराया गया. भाजपा ने अब तक आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मुझ पर फेंका गया तरल पदार्थ नुकसादायक नहीं था, लेकिन यह खतरनाक हो सकता था. पिछले 35 दिन में मुझ पर हुआ यह तीसरा हमला है.” पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर यह संदेश देने का भी आरोप लगाया कि अपराधियों के बजाय शिकायतकर्ताओं को ही गिरफ्तारी का सामना करना पड़ेगा. केजरीवाल ने ‘आप’ विधायक नरेश बाल्यान की गिरफ्तारी की भी आलोचना की जिन्होंने पहले गैंगस्टरों द्वारा जबरन वसूली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.
आप विधायक नरेश बाल्यान की गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि इससे यह संदेश गया है कि जो लोग अपराध के खिलाफ आवाज उठाएंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा, जबकि गैंगस्टर को संरक्षण दिया जाएगा. केजरीवाल ने दावा किया, ”अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय, अमित शाह और भाजपा ने मुझ पर हमला कराया और मेरे विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया.”
आप प्रमुख ने केंद्रीय गृह मंत्री को चुनौती देते हुए कहा, ”अगर आपमें हिम्मत है तो दिल्ली को दहलाने वाले बदमाशों को गिरफ्तार करें. हत्या, बलात्कार और जबरन वसूली करने वालों को गिरफ्तार करें. दिल्ली के लोग शहर पर कब्जा करने वाले अपराधियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई चाहते हैं.” दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में पदयात्रा के दौरान शनिवार को एक व्यक्ति ने केजरीवाल पर कुछ तरल पदार्थ फेंक दिया था. भाजपा पर निशाना साधते हुए आप नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ. पार्टी बेईमानी का सहारा ले रही है, क्योंकि उसे आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार शिकस्त मिलने का डर सता रहा है. दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होना है.



