राहुल गांधी ‘कॉमेडी किंग’ हैं, संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन प्रासंगिक बने रहने का निराशापूर्ण प्रयास: प्रधान

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सोमवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘कॉमेडी किंग’ करार दिया जो प्रासंगिक बने रहने का प्रयास कर रहे हैं. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कुछ घटक दलों के नेताओं ने सोमवार को अदाणी विवाद को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. इसके अलावा गांधी ने इस मुद्दे पर एक छद्म (मॉक) ‘साक्षात्कार’ लिया जिसके तहत उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उद्योगपति गौतम अदाणी का मुखौटा पहने कांग्रेस सांसदों से प्रतीकात्मक रूप से सवाल-जवाब किये.

प्रधान ने ‘एक्स’ पर विरोध प्रदर्शन का एक वीडियो टैग करते हुए कहा,”राहुल वही कर रहे हैं जिसे वह सर्वोत्तम तरीके से करते हैं- स्टैंड-अप कॉमेडी. उनके दुर्भावनापूर्ण दावे और शेखी बघारने वाले बयान हर बार व्यापक जांच के बोझ तले ध्वस्त हो गए. एक मोहरे की भूमिका को पूर्णता से निभाते हुए वह एक बार फिर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे जबकि उनका दुष्प्रचार अभियान देश की जनता को प्राभावित करने में विफल रहा है.” उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से चुनावी नतीजे इस बात का प्रमाण हैं कि उनके बासी, पुनर्चक्रित दुष्प्रचार को स्वीकार करने वाला कोई नहीं है. प्रधान ने कहा कि ‘कॉमेडी किंग’ द्वारा प्रासंगिक बने रहने का यह एक और हताशापूर्ण प्रयास है.

संसद के मकर द्वार के बाहर खड़े होकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ-साथ अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने ‘मोदी, अदाणी एक हैं’ और ‘हमें न्याय चाहिए’ जैसे नारे लगाए. नारेबाजी के बाद गांधी ने प्रतीकात्मक साक्षात्कार के दौरान मोदी और अदाणी का मुखौटा पहने कांग्रेस सांसदों से पूछा, संसद को कामकाज क्यों नहीं करने दिया जा रहा है. इसके जवाब में कांग्रेस सांसद (अदाणी का मुखौटा पहने) ने कहा, “हमें अमित भाई से पूछना होगा…वो आदमी गायब है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button