सिंधू उदयपुर में निजी समारोह में वेंकट दत्ता के साथ शादी के बंधन में बंधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Dec 2024 07:13 PM
सिंधू उदयपुर में निजी समारोह में वेंकट दत्ता के साथ शादी के बंधन में बंधी
ऑडियो सुनें

उदयपुर. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने अपने जीवन में नए सफर की शुरुआत की जब वह यहां एक निजी समारोह में उद्यमी वेंकट दत्ता साई के साथ शादी के बंधन में बंध गईं. रियो ओलंपिक 2016 में कांस्य और तीन साल पहले तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली हैदराबाद की 29 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधू ने रविवार को एक पारंपरिक समारोह में पोसिडेक्स टेक्नोलॉजीस के कार्यकारी निदेशक दत्ता से विवाह किया. समारोह में परिवार के सदस्य और मित्र शामिल हुए. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को ‘एक्स’ पर शादी की पहली तस्वीर साझा की.

शेखावत ने ट्वीट किया, ”कल शाम उदयपुर में हमारी बैडमिंटन चैंपियन ओलंपियन पीवी सिंधु और वेंकट दत्ता साई के विवाह समारोह में शामिल होकर बहुत खुशी हुई और जोड़े को उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया.” समारोह की शुरुआत 20 दिसंबर को एक जीवंत संगीत समारोह के साथ हुई जिसमें दोनों परिवारों ने एक साथ मिलकर संगीत और नृत्य का आनंद लिया. इसके बाद 21 दिसंबर को हल्दी, पेलिकुथुरु, मेहंदी और अन्य पारंपरिक रस्में हुईं. इस जोड़े ने शादी के रिसेप्शन के लिए देश की कुछ शीर्ष हस्तियों को आमंत्रित किया है जिनमें सचिन तेंदुलकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसी हस्तियां शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu