बुमराह ने भारत को मैच में लौटाया, आस्ट्रेलिया के छह विकेट पर 311 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Dec 2024 09:34 PM
बुमराह ने भारत को मैच में लौटाया, आस्ट्रेलिया के छह विकेट पर 311 रन
ऑडियो सुनें

मेलबर्न. विषम परिस्थितियों में शानदार गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमराह ने भारत को मैच में लौटाया जबकि आस्ट्रेलिया ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सैम कोंस्टास के आक्रामक अर्धशतक समेत शीर्ष क्रम के मजबूत प्रदर्शन के दम पर चौथे टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को छह विकेट पर 311 रन बना लिये .

कोंस्टास के 65 गेंद में 60 रन ने जहां एमसीजी पर जुटे 80000 से अधिक दर्शकों में जोश भर दिया तो बुमराह के 21 ओवर में 75 रन देकर तीन विकेट लेने के बाद दर्शक दीर्घा से ‘बूम बूम बुमराह’ का शोर भी सुनाई दिया . लगातार दो शतक बनाकर इस टेस्ट में उतरे ट्रेविस हेड से बुमराह की गेंद को भांपने में गलती हुई और वह 67वें ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे . अगले ओवर में बुमराह ने खराब फॉर्म से जूझ रहे मिचेल मार्श (चार) को आउट किया जबकि लंच के बाद उस्मान ख्वाजा (121 गेंद में 57 रन) को पवेलियन भेजा था .

पहले दो सत्र का खेल आस्ट्रेलिया के नाम रहा जिसके लिये ख्वाजा और कोंस्टास के अलावा मार्नस लाबुशन (145 गेंद में 72 रन) और स्टीव स्मिथ (111 गेंद में नाबाद 68 रन) ने अर्धशतक लगाये . आखिरी सत्र बुमराह का रहा जिन्होंने भारत की मैच में वापसी कराई . बुमराह के अब श्रृंखला में 24 विकेट हो गए हैं . दूसरे छोर से उन्हें मोहम्मद सिराज से बिल्कुल मदद नहीं मिली जिन्होंने 15 ओवर में 69 रन दे डाले और कोई विकेट नहीं मिली . आफ स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने 12 ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिये . वहीं आकाश दीप ने 19 ओवर में 59 रन देकर एक विकेट चटकाया . रविंद्र जडेजा भी महंगे साबित हुए जिन्होंने कोंस्टास का विकेट लेने के बावजूद 14 ओवर में 54 रन दिये .

सुबह के सत्र में कोंस्टास छाये रहे . टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले 19 बरस के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 52 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया और 65 गेंद में 60 रन बनाकर साबित कर दिया कि उन्हें अंतिम एकादश में रखने का फैसला कितना सही था . इससे पहले आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया . पहले सत्र में कोंस्टास की भारत के सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली से संक्षिप्त झड़प भी हुई . शुरूआत में कोंस्टास को भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को खेलने में दिक्कत आई लेकिन पहले कुछ रन बनाने के बाद वह लय में आ गए .

बेखौफ खेल दिखाते हुए उन्होंने बुमराह को रिवर्स स्वीप लगाकर चौका जड़ा और फिर मिड आन पर छक्का लगा दिया . इसके बाद उन्होंने थर्डमैन पर चौका लगाया . बुमराह को टेस्ट क्रिकेट के पहले ही स्पैल में पहली बार दो छक्के पड़े हैं . इससे पहले टेस्ट मैच में उन्हें 2021 में कैमरन ग्रीन ने छक्का लगाया था . कोंस्टास ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये . कोंस्टास ने अनुभवी उस्मान ख्वाजा (नाबाद 38) के साथ 89 रन की साझेदारी की . ख्वाजा ने 121 गेंद में 57 रन की संयम से भरी पारी खेली .

मोहम्मद सिराज जब गेंदबाजी पर आये तो दर्शकों ने काफी हूटिंग की क्योंकि उन्होंने कोंस्टास पर उसकी अपारंपरिक बल्लेबाजी शैली के लिये छींटाकशी की थी . सिराज ने या तो बहुत फुललैंग्थ गेंद डाली या शॉर्टपिच गेंद फेंकी . पहले स्पैल में भारतीय तेज गेंदबाजों में सिर्फ आकाश दीप लय में दिखे .

साझेदारी टूटती नहीं देख भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 16वें ओवर में जडेजा को गेंद सौंपी जिन्होंने कोंस्टास को पगबाधा आउट करके कप्तान के फैसले को सही साबित किया . दर्शकों ने पवेलियन लौटते कोंस्टास का खड़े होकर अभिवादन किया . वहीं ख्वाजा अपनी गलती से विकेट गंवा बैठे और बुमराह की गेंद पर पुल शॉट की टाइमिंग खराब होने से गेंद सीधे केएल राहुल के हाथ में गई . दूसरे सत्र में यही एक विकेट गिरा .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu