कांग्रेस मुख्यालय में दी गई मनमोहन सिंह को विदाई, अंतिम यात्रा शुरू

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 28 Dec 2024 04:37 PM
ऑडियो सुनें

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए आज सुबह कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर और उनकी बेटी दमन सिंह आदि दिवंगत नेता के दर्शन किए।

कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रगान गाकर उन्हें नम आंखों से विदा किया। कांग्रेस मुख्यालय में मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों में सांसद गौरव गोगोई, रेवंत रेड्डी, अलका लांबा आदि प्रमुख हैं।

सुबह लगभग पौने दस बजे कांग्रेस मुख्यालय से उनकी अंतिम यात्रा निगम बोध घाट के लिए शुरू हुई। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार सुबह 11:45 बजे निगम बोध घाट पर राजकीय और पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। शुक्रवार को डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे थे। उल्लेखनीय है कि सिंह का 92 वर्ष की आयु में गुरुवार को निधन हो गया था। रात 9 बजकर 51 मिनट पर सिंह ने एम्स में अंतिम सांस ली।

बाइडेन ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हम भारत के साथ हैं और मनमोहन सिंह के कार्यों की सराहना करते हैं। उन्होंने मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर, उनके तीन बच्चों और भारत के सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news