‘गुंडा राज’ बर्दाश्त नहीं करेंगे, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा: सरपंच हत्या मामले पर फडणवीस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Dec 2024 06:22 PM
‘गुंडा राज’ बर्दाश्त नहीं करेंगे, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा: सरपंच हत्या मामले पर फडणवीस
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को चेतावनी दी कि बीड में ‘गुंडा राज’ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. फडणवीस ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने देशमुख के भाई से टेलीफोन पर बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि मामले में न्याय होगा.

पुलिस ने बताया कि बीड के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख का नौ दिसंबर को अपहरण कर हत्या कर दी गई थी. सरपंच की हत्या कथित तौर पर इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने कुछ लोगों द्वारा बीड जिले में एक पवन ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली किए जाने की कोशिश का विरोध किया था.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”मैंने दिवंगत संतोष देशमुख के भाई से बात की और उनसे कहा कि उन्हें चिंता नहीं करनी चाहिए. जब तक दोषियों को फांसी नहीं हो जाती, पुलिस अपना काम करती रहेगी.” उन्होंने कहा, ”बीड मामले में शामिल सभी लोगों पर मुकदमा चलाया जाएगा. हम गुंडा राज बर्दाश्त नहीं करेंगे. जो लोग कानून को अपने हाथ में लेने या निवासियों से जबरन वसूली करने की कोशिश करेंगे, उन्हें सख्त परिणाम भुगतने होंगे. पुलिस फिलहाल उन संदिग्धों की तलाश कर रही है जो फरार हैं. किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे.” इससे पहले, महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी एवं बीड जिले में सरपंच की हत्या से जुड़े जबरन वसूली के मामले में वांछित वाल्मीक कराड ने पुणे में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. हत्या के मामले में पहले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि कराड को जबरन वसूली के मामले में वांछित आरोपी के रूप में नामजद किया गया था.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, ”चाहे कुछ भी हो जाए, सभी दोषियों को पकड़ लिया जाएगा.” कराड के खिलाफ क्या आरोप लगाए गए हैं, इस बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ”पुलिस संदिग्धों के खिलाफ आरोपों और सबूतों पर जानकारी देगी. अपराध जांच विभाग (सीआईडी) बिना किसी बाहरी दबाव के मामले को संभाल रहा है.” कराड द्वारा उनके खिलाफ राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ”अगर कोई सबूत है, तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. मैं राजनीति नहीं कर रहा…संतोष देशमुख के हत्यारों को सजा मिलनी चाहिए… यह मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण है.” विपक्षी दलों ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के मंत्री धनंजय मुंडे पर कराड के साथ घनिष्ठ संबंध होने का आरोप लगाया है, तथा निष्पक्ष जांच के लिए उनके इस्तीफे की मांग की है. मुंडे भी बीड क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं.

इससे पहले, पत्रकारों से बातचीत में बीड जिले के आष्टी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा विधायक सुरेश धस ने कहा, ”फडणवीस ने सख्त कदम उठाए ताकि कराड के पास पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प न बचे. फडणवीस ने उनकी कई संपत्तियां जब्त करवा दीं, जिससे वह और भी मुश्किल में पड़ गए.” उन्होंने कहा, ”पुलिस ने आरोपी व्यक्तियों की विभिन्न संपत्तियों को कुर्क करने के लिए अदालत से अनुमति मांगी है. एक सप्ताह की अवधि में जब यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, तो यह एक बड़ी उपलब्धि होगी.” कराड और अन्य आरोपियों के खिलाफ लगाए गए विभिन्न आरोपों के बारे में पूछे जाने पर धस ने कहा कि उन सभी पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया जाना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu