सिनेमा जगत 2025: सलमान खान की ‘सिकंदर’, आमिर खान की ‘सितारे जमीन पर’ से उम्मीदें

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Dec 2024 06:37 PM
सिनेमा जगत 2025: सलमान खान की ‘सिकंदर’, आमिर खान की ‘सितारे जमीन पर’ से उम्मीदें
ऑडियो सुनें

मुंबई. हिंदी फिल्मों के लिए कारोबार के लिहाज से 2024 अपेक्षाकृत निराशाजनक रहा, हालांकि सिनेमा जगत को ‘सिकंदर’, ‘वॉर 2’, ‘रेड 2’ और ‘हाउसफुल 5’ जैसी फिल्मों के साथ 2025 में बॉक्स ऑफिस पर बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है. सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ से काफी उम्मीदें अधिक हैं, जो मार्च में ईद के अवसर मौके पर रिलीज होने वाली है. अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों में कंगना रनौत की विवादों में घिरी फिल्म ‘इमरजेंसी’, अक्षय कुमार की युद्ध पर आधारित ‘स्काई फोर्स’, शाहिद कपूर की एक्शन-थ्रिलर ‘देवा’ और विक्की कौशल अभिनीत ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाली ‘छावा’ शामिल हैं.

वर्ष 2025 की दूसरी छमाही (जुलाई-दिसंबर) में ‘जॉली एलएलबी 3’, ‘रेड 2’, ‘हाउसफुल 5’, ‘वॉर 2’, ‘बागी 4’, ‘दे दे प्यार दे 2’ और ‘सन ऑफ सरदार 2’ जैसी फिल्में लोकप्रिय फिल्मों के सीक्वल भी बड़े पर्दे पर नजर आएंगे. इसके अलावा वरुण धवन की उनके पिता डेविड धवन के साथ रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म, विशाल भारद्वाज के निर्देशन में शाहिद कपूर की एक्शन फिल्म, काजोल की हॉरर-थ्रिलर फिल्म के साथ-साथ जया बच्चन, सिद्धांत चतुवेर्दी, वामिका गब्बी तथा स्वानंद किरकिरे अभिनीत ‘दिल का दरवाजा खोल ना डार्लिंग’, यशराज फिल्म्स की आलिया भट्ट अभिनित फिल्म ‘अल्फा’ और आमिर की ‘सितारे जमीन पर’ भी 2025 में रिजली होंगी.

छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में सिनेमाघरों के मालिक वितरक-प्रदर्शक अक्षय राठी ने कहा कि ‘सिकंदर’, ‘स्काई फोर्स’, ‘छावा’, ‘रेड 2’, ‘दे दे प्यार दे 2’, ‘हाउसफुल 5’ और ‘अल्फा’ जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर सकती हैं. उन्होंने कहा, ”अगर आप 2024 में रिलीज हुई फिल्मों की बात करें तो ‘पुष्पा 2’ और ‘स्त्री 2’ से सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. इनके अलावा ‘सिंघम अगेन’ और ‘भूल भुलैया 3’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ हद तक अच्छी कमाई की.”

राठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ” फिल्म प्रदर्शन से जुड़े बुनियादी ढांचे को बनाए रखने के लिए हमें हर महीने एक ब्लॉकबस्टर की जरूरत है. हम तीन-चार ब्लॉकबस्टर फिल्मों पर निर्भर नहीं रह सकते. हमें अधिक तथा लगातार हिट फिल्मों की जरूरत है. 2025 में अधिक संख्या में फिल्मों के मेगा-ब्लॉकबस्टर होने की संभावना है.” हिंदी सिनेमा की बात करें तो वर्ष 2024 में ‘स्त्री 2’ 500 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने वाली साल की सबसे बड़ी और एकमात्र हिट फिल्म रही. इसके अलावा ‘शैतान’, ‘आर्टिकल 370’, ‘लापता लेडीज’, ‘मुंज्या’, ‘सिंघम अगेन’ और ‘भूल भुलैया 3’ जैसी कुछ अन्य फिल्मों ने अच्छा कारोबार किया.

‘सिनेमा ओनर्स एंड एक्जीबिटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ के अध्यक्ष नितिन दातार और ‘मिराज एंटरटेनमेंट लिमिटेड’ के प्रबंध निदेशक अमित शर्मा ने कहा कि 2025 में रिलीज होने वाली फिल्मों से काफी उम्मीदे हैं. हालांकि अभी यह कह पाना मुश्किल होगा कि कौन सी फिल्म अच्छा प्रदर्शन करेगी.

दातार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”उम्मीद है कि 2025 अच्छा रहेगा और मैं ‘सिकंदर’, ‘हाउसफुल 5’, ‘जॉली एलएलबी 3’, ‘इमरजेंसी’ और ‘छावा’ की रिलीज का इंतजार कर रहा हूं. बाकी फिल्में धीमी शुरुआत करेंगी, लेकिन बेहतर कर सकती हैं.” शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”बॉक्स ऑफिस पर कमाई के लिहाज से 2024 सबसे खराब साल रहा. 2025 में पिछले साल की तुलना में चीजें बेहतर दिख रही हैं क्योंकि इस साल ‘वॉर 2’, ‘जॉली एलएलबी 3’, ‘हाउसफुल 5’, ‘सन ऑफ सरदार 2’, ‘रेड 2’, ‘जाट’, ‘स्काई फोर्स’, ‘सिकंदर’ जैसी फिल्में रिलीज हो रही हैं. ” तरण आदर्श ने कहा कि कई बड़ी फिल्मों के सीक्वल आ रहे हैं जिससे 2025 कारोबार के लिहाज सिनेमा जगत के लिए बेहतर वर्ष साबित हो सकता है. फिल्म व्यापार विशेषज्ञ गिरीश वानखेड़े ने कहा कि सलमान खान की ‘सिकंदर’ संभवत: साल की दिशा तय कर सकती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu