बुमराह को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की साल की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया, जायसवाल भी शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Dec 2024 09:56 PM
बुमराह को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की साल की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया, जायसवाल भी शामिल
ऑडियो सुनें

सिडनी. जसप्रीत बुमराह को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को इस भारतीय तेज गेंदबाज को साल की अपनी सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम का कप्तान चुना जबकि युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी टीम में जगह दी. बुमराह इस साल 13 मैच में 14.92 की औसत और 30.16 की स्ट्राइक रेट से 71 विकेट लेकर 2024 में टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने बुमराह के बारे में कहा, ”किसी कैलेंडर वर्ष में किसी गेंदबाज द्वारा अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में से एक, डेल स्टेन के 2008 के 74 विकेट के बाद से कोई तेज गेंदबाज इतना शानदार नहीं रहा और इमरान खान के 1982 (13.29 के औसत से 62 विकेट) के प्रदर्शन के बाद से किसी ने इतनी बेहतर औसत से विकेट नहीं लिए.” सीए ने कहा, ”हां, उन्होंने विदेशी तेज गेंदबाज के अब तक के सर्वश्रेष्ठ दौरे में से एक में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को बहुत परेशान किया लेकिन उन्होंने स्वदेश में प्रतिकूल विकेटों पर इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैच में 19 विकेट भी चटकाए जबकि अन्य तेज गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए.”

उन्होंने कहा, ” वह इस टीम में शामिल एकमात्र सदस्य हैं जिसने 2024 में अपनी टीम की कप्तानी (भारत को पर्थ में जीत दिलाई) की. बुमराह को कप्तानी की बागडोर भी मिली है – एक ऐसा काम जिसे आप उन्हें भविष्य में और भी करते हुए देख सकते हैं.” यह तेज गेंदबाज मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में चार टेस्ट में 30 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज है.

बुमराह के अलावा जायसवाल को इस साल बल्ले से शानदार प्रदर्शन के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में चुना गया है. जायसवाल ने 15 मैच (29 पारियों) में 54.74 की औसत से नौ अर्द्धशतक और तीन शतक के साथ 1,478 रन बनाकर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में साल का अंत किया.

जायसवाल के लिए सीए ने लिखा, ”भारत का शानदार युवा बल्लेबाजी सितारा 2024 में चार दिन को छोड़कर बाकी समय 22 वर्ष का रहा लेकिन एक अनुभवी खिलाड़ी की तरह धैर्य और स्तर के साथ खेला.” उन्होंने कहा, ”फरवरी में जायसवाल के लगातार दोहरे शतकों ने भारत को इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट श्रृंखला में जीत दिलाई जबकि पर्थ में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज की शानदार 161 रन की पारी भी निर्णायक रही.”

सीए ने कहा, ”एक कैलेंडर वर्ष में उनके रन किसी भारतीय सलामी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन हैं और उनके 36 छक्के एक कैलेंडर वर्ष के लिए दुनिया भर में नया मापदंड है.” ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस नौ मैच में 24.02 की औसत से 37 विकेट और दो बार पांच विकेट लेने के बावजूद एकादश में जगह बनाने में असफल रहे. टीम में एलेक्स कैरी और जोश हेजलवुड के रूप में दो ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को जगह मिली है. इंग्लैंड के बेन डकेट, जो रूट और हैरी ब्रूक, न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र और मैट हेनरी, श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस और दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज को भी टीम में जगह मिली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu