रायपुर में सड़क दुर्घटना में दो नाबालिगों की मौत, परिवार के 12 अन्य लोग घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 31 Dec 2024 10:16 PM
रायपुर में सड़क दुर्घटना में दो नाबालिगों की मौत, परिवार के 12 अन्य लोग घायल
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बाहरी इलाके में एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ‘स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी) को टक्कर मार दिया जिससे दो नाबालिगों की मौत हो गई तथा परिवार के 12 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान आराध्य साहू (12) और मोनिका साहू (14) के रूप में हुई है.

उन्होंने बताया कि घायलों में प्रार्थना साहू, निशा साहू, निर्मला साहू, धर्मेंद्र साहू, ललित साहू, माही साहू, ओम प्रकाश साहू, गीतांजलि साहू, दीक्षा साहू, रितेश साहू, प्रेरणा साहू और एसयूवी चालक नरोत्तम साहू शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि सभी धमतरी जिले के रहने वाले थे. उन्होंने बताया कि यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर धरसीवा थाना क्षेत्र के सिलतारा इलाके के पास सोमवार रात करीब डेढ. बजे हुई, जब वाहन में सवार 14 लोग पारिवारिक दौरे के बाद अमरकंटक से धमतरी लौट रहे थे.

अधिकारियों ने बताया कि तभी वाहन में खराबी आ गई और एक्सप्रेसवे पर पुल के किनारे वाहन को मरम्मत के लिए खड़ा कर दिया. उन्होंने बताया कि वाहन की पार्किंग तथा हेडलाइट चालू थी और इस दौरान लोग वाहन के अंदर और बाहर बैठे थे. उन्होंने बताया कि तभी एक ट्रक ने पीछे से वाहन को टक्कर मार दी, जिससे दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई.

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. उन्होंने बताया कि बाद में घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है तथा ट्रक चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं जो घटना के बाद से फरार है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu