वैशाली ने महिला विश्व ब्लिट्ज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Jan 2025 09:27 PM
वैशाली ने महिला विश्व ब्लिट्ज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. भारत की आर वैशाली ने विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैम्पियनशिप के महिला वर्ग में कांस्य पदक जीता और इस तरह से यहां रैपिड स्पर्धा में कोनेरू हम्पी के खिताब जीतने के बाद देश के खिलाड़ियों ने वर्ष 2024 के अंत में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा.
वैशाली ने क्वार्टर फाइनल में चीन की झू जिनर को 2.5-1.5 से हराया लेकिन सेमीफाइनल में वह चीन की एक अन्य प्रतिद्वंद्वी जू वेनजुन से 0.5-2.5 से हार गईं.

इस प्रतियोगिता में पूरी तरह से चीन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा. चीन की जू वेनजुन ने हमवतन लेई टिंगजी को 3.5-2.5 से हराकर विश्व खिताब जीता. पांच बार के विश्व चैंपियन और अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के उपाध्यक्ष विश्वनाथन आनंद ने वैशाली को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी और कहा कि यह वर्ष को समाप्त करने का एक शानदार तरीका है.

आनंद ने एक्स पर लिखा, ”कांस्य पदक जीतने पर वैशाली को बधाई. उसने वास्तव में शानदार प्रदर्शन किया. हमारी वाका शतरंज सलाहकार (वेस्टब्रिज आनंद शतरंज अकादमी) ने हमें गौरवान्वित किया है. यह वर्ष 2024 का समापन करने का शानदार तरीका था.” ओपन वर्ग में दुनिया के नंबर एक मैग्नस कार्लसन और रूस के इयान नेपोम्नियाचची ने ब्लिट्ज. खिताब साझा किया क्योंकि सडन-डेथ की तीन बाजियों के बाद भी कोई स्पष्ट विजेता नहीं बन पाया. इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने ट्रॉफी साझा करने पर सहमति जताई. यह पहला अवसर है जबकि खिताब दो खिलाड़ियों में बांटा गया.

कार्लसन ने बाद में पत्रकारों से कहा, ”हम दोनों थके हुए थे. मैं जानता हूं कि हमारा यह फैसला कुछ को पसंद आएगा और कुछ को नहीं. हम खेल जारी रख सकते थे लेकिन खिताब साझा करना अच्छा समाधान था. यह टूर्नामेंट को समाप्त करने का अच्छा तरीका था.” इस सप्ताह कार्लसन की यह दूसरी बड़ी जीत थी क्योंकि कुछ दिन पहले ड्रेस कोड के उल्लंघन के कारण उन्हें रैपिड चैंपियनशिप से बाहर कर दिया था लेकिन आखिर में विश्व संस्था को इस स्टार खिलाड़ी को वापस बुलाने के लिए मजबूर होना पड़ा था. कार्लसन रैपिड चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए जींस पहनकर आये थे और उन्होंने औपचारिक पतलून पहनने से इनकार कर दिया. विश्व संस्था ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था लेकिन बाद में उसने कार्लसन को ब्लिट्ज. प्रतियोगिता में जींस पहनकर आने की अनुमति दे दी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu