रोहित पर गिर सकती है गाज, मुख्य कोच गंभीर ने कप्तान की अंतिम एकादश में जगह की नहीं की पुष्टि

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Jan 2025 07:54 PM
रोहित पर गिर सकती है गाज, मुख्य कोच गंभीर ने कप्तान की अंतिम एकादश में जगह की नहीं की पुष्टि
ऑडियो सुनें

सिडनी. सवाल सरल था. क्या रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में खेलेंगे? क्या रोहित की जगह सुरक्षित है, इस सवाल पर जवाब ‘हां’ होना चाहिए था लेकिन भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर का मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन पर जवाब था, ”हम पिच को देखने के बाद अंतिम एकादश पर फैसला करेंगे.” गंभीर के इस अस्पष्ट जवाब ने उन अटकलों को और हवा दी जिनके अनुसार कप्तान रोहित शर्मा की खराब फॉर्म के कारण अंतिम एकादश में जगह पक्की नहीं है.

कुछ ही घंटों में यह बात लगभग पक्की हो गई कि 37 वर्षीय रोहित ऐसे पहले भारतीय कप्तान बनने वाले हैं जिन्हें खराब फॉर्म के कारण हटाया जाएगा. और यह सब एक पंक्ति के जवाब से शुरू हुआ. गंभीर के जवाब से यह लगभग स्पष्ट हो जाता है कि रोहित ऑस्ट्रेलिया के वर्तमान दौरे में अपना अंतिम मैच खेल चुके हैं. वह अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण पहले टेस्ट मैच में भी नहीं खेल पाए थे.

रोहित जब से ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं तभी से वह अतिरिक्त उछाल और सीम मूवमेंट का सामना नहीं कर पाने के अलावा अपनी कप्तानी को लेकर आलोचना झेल रहे हैं. अब जबकि भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा खत्म होने की तरफ बढ़ रहा है तब एक टेस्ट क्रिकेटर के रूप में रोहित का करियर निराशाजनक अंत की तरफ बढ़ रहा है.

मेलबर्न की तरह ही यहां रोहित नेट्स पर अभ्यास के लिये आखिर में उतरे. अगर उन्हें बाहर किया जाता है तो इसके जिम्मेदार वह स्वयं होंगे क्योंकि अभी तक वह पांच पारियों में केवल 31 रन बना पाए हैं. जैसी संभावनाएं जताई जा रही हैं, अगर वह सही साबित होती हैं तो फिर तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे. भारतीय टीम ने उनके नेतृत्व में ही पहला टेस्ट मैच जीता था. बुमराह ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है तथा 20 से भी कम औसत से 30 विकेट लिए हैं.

महेंद्र सिंह धोनी और अनिल कुंबले ने श्रृंखला के बीच में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था क्योंकि उनका शरीर पांच दिनी क्रिकेट और खेल पाने की इजाजत नहीं दे पा रहा था . रोहित के मामले में उन्हें फॉर्म के आधार पर बाहर किया जायेगा क्योंकि गंभीर ने साफ तौर पर कहा है कि प्रदर्शन के आधार पर ही कोई भी खिलाड़ी भारतीय ड्रेसिंग रूम में बने रह सकता है . अगर रोहित शुक्रवार को टॉस के लिये नहीं आते हैं तो यह माना जा सकता है कि उन्होंने इस सप्ताह एमसीजी पर अपना आखिरी टेस्ट खेल लिया .

गंभीर ने अंतिम एकादश का खुलासा नहीं किया लेकिन ऐसे संकेत हैं कि भारतीय टीम तीसरे नंबर पर शुभमन गिल को उतार सकती है. गंभीर ने मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,” भारतीय क्रिकेट में बदलाव का यह दौर सुरक्षित हाथों में है जब तक ड्रेसिंग रूम में ईमानदार लोग हैं . ड्रेसिंग रूम में बने रहने का एकमात्र मानदंड प्रदर्शन है .’ श्रृंखला में 1 . 2 से पीछे चल रही आस्ट्रेलियाई टीम आखिरी मैच जीतकर लॉडर्स पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व चैम्पियनशिप फाइनल में जगह पक्की करना चाहेगी .

दूसरी ओर भारतीय टीम को न सिर्फ जीत की जरूरत है बल्कि यह भी दुआ करनी होगी कि श्रीलंका अपनी धरती पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ दो में से एक भी टेस्ट नहीं गंवाये. भारतीय टीम का प्रदर्शन बिल्कुल भी प्रभावी नहीं रहा है और बतौर कप्तान तथा बल्लेबाज रोहित के लिये यह सबसे खराब दौर है. वह संन्यास की घोषणा करे या नहीं करे लेकिन सिडनी के बाद उनका टेस्ट क्रिकेट खेलना संभव नहीं लग रहा.

इसके अलावा टीम में असंतोष की खबरें भी प्रदर्शन पर असर डाल सकती है . इसकी शुरूआत श्रृंखला के बीच में रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के फैसले से हुई और रोहित के खराब फॉर्म से बतौर कप्तान उनका कद घटा है. ऐसी खबरें हैं कि गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर विकेट गंवाने वाले ऋषभ पंत पर भी गंभीर ने गुस्सा निकाला है . ऐसी अटकलें हैं कि सिडनी टेस्ट में पंत की जगह ध्रुव जुरेल को उतारा जा सकता है.

पंत को अगर बाहर किया जाता है तो 1984 के इंग्लैंड दौरे की याद ताजा हो जायेगी जब खराब शॉट खेलने के कारण विकेट गंवाने वाले महान हरफनमौला कपिल देव को सबक सिखाने के लिये टीम से बाहर किया गया था. जुरेल ने बृहस्पतिवार को सीनियर खिलाड़ियों के साथ अभ्यास किया.

एक आस्ट्रेलियाई पत्रकार ने जब पूछा कि मेलबर्न में 184 रन से हार के बाद क्या खिलाड़ियों को फटकार लगाई गई है , गंभीर ने कहा कि ईमानदारी से बात हुई और इस पर जोर दिया गया कि टीम के लिये खेलना जरूरी है. पंत को उपकप्तान जसप्रीत बुमराह के साथ लंबी बातचीत करते देखा गया.

अंतिम एकादश में रोहित का खेलना तय नहीं है और तेज गेंदबाज आकाश दीप कमर की जकड़न के कारण नहीं खेल पायेंगे जिससे टीम में एक और बदलाव करना होगा. कोच के पसंदीदा र्हिषत राणा को मौका मिल सकता है लेकिन वह निरंतर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं और दूसरे या तीसरे स्पैल में रफ्तार भी कम हो जाती है . ऐसे में प्रसिद्ध कृष्णा को भी मौका मिल सकता है.

ऐसे में उस आस्ट्रेलियाई टीम का सामना करना आसान नहीं होगा जिसके प्रमुख बल्लेबाज स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन फॉर्म में लौट आये हैं. आस्ट्रेलियाई टीम में हरफनमौला ब्यू वेबस्टर पदार्पण करेंगे जो खराब फॉर्म से जूझ रहे मिचेल मार्श की जगह लेंगे. कमिंस ने कहा ,” टीम में एक बदलाव है . मिचेल मार्श की जगह ब्यू वेबस्टर खेलेगा . मिचेल को पता है कि उसने रन नहीं बनाये हैं .” वहीं मिचेल स्टार्क सिडनी टेस्ट खेलने के लिये फिट हो गए हैं . कमिंस के अनुसार पिच तेज गेंदबाजों की मददगार रहने वाली है .

टीमें :
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, नितीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, र्हिषत राणा, तनुश कोटियन, सरफराज खान, अभिमन्यु ईश्वरन, ध्रुव जुरेल, देवदत्त पडिक्कल.

ऑस्ट्रेलिया ; पैट कमिंस, उस्मान ख्वाजा, सैम कोनस्टास, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, मिशेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), नाथन लियोन, मिशेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड.

मैच भारतीय समयानुसार सुबह पांच बजे शुरू होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu