बस्तर: मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर, एक पुलिसकर्मी बलिदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Jan 2025 07:28 PM
बस्तर: मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर, एक पुलिसकर्मी बलिदान
ऑडियो सुनें

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक हेड कांस्टेबल की भी जान चली गई. अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम को सुरक्षार्किमयों का एक संयुक्त दल नक्सल रोधी अभियान पर था तभी नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर दक्षिण अबूझमाड़ के एक जंगल में मुठभेड़ शुरू हुई.

उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात गोलीबारी थमने के बाद घटनास्थल से चार नक्सलियों के शव और एके-47 राइफल तथा सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर) सहित स्वचालित हथियार बरामद किए गए. अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में डीआरजी के हेड कांस्टेबल सन्नू करम की भी जान चली गई. सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को नक्सल रोधी अभियान शुरू किया गया था और इसमें नारायणपुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बस्तर जिलों की डीआरजी टीमें शामिल हुईं.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कहा कि नक्सल समस्या को खत्म करने के लिए लड़ाई जारी रहेगी. साय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ” नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों की सीमा से लगे दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में अब तक चार नक्सलियों के मारे जाने की खबर है.” मुख्यमंत्री ने मुठभेड़ में पुलिसकर्मी की मौत होने पर दुख जताया. उन्होंने कहा, ” डीआरजी के हेड कांस्टेबल सन्नू करम मुठभेड़ में शहीद हो गए. उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. सुरक्षाबल नक्सलवाद के खिलाफ बहुत मजबूती से लड़ रहे हैं और जब तक यह समस्या खत्म नहीं हो जाती, तब तक लड़ाई जारी रहेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu