झुग्गीवासियों को मताधिकार से वंचित करने की साजिश रची जा रही: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Feb 2025 07:06 PM
झुग्गीवासियों को मताधिकार से वंचित करने की साजिश रची जा रही: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले झुग्गीवासियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मताधिकार से वंचित करने की एक बड़ी साजिश रची जा रही है.

केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में दावा किया कि उन्हें नौकरों के क्वार्टर, धोबी घाटों और झुग्गी बस्तियों के निवासियों के कई फोन कॉल आए हैं, जिनमें बताया गया है कि ”प्रतिद्वंद्वी पार्टी से जुड़े” लोग मतदाताओं को तीन-तीन हजार रुपये की पेशकश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ये लोग यह कहकर लोगों को कथित तौर पर गुमराह कर रहे हैं कि निर्वाचन आयोग उनकी उंगलियों पर अमिट स्याही लगाकर उन्हें घर से ही मतदान करने की सुविधा देगा ताकि मतदान के दिन उन्हें वोट डालने से रोका जा सके.

केजरीवाल ने कहा, ”नौकरों के क्वार्टर, धोबी घाट, हर जगह से फोन आ रहे हैं. उनकी पार्टी के लोग घर-घर जा रहे हैं और कह रहे हैं कि 3,000 रुपए लो और निर्वाचन आयोग तुम्हारे घर आकर तुम्हारा वोट डलवा देगा. बदले में तुम्हारी उंगली पर स्याही लग जाएगी. ये सुनकर मेरे रोंगटे खड़े हो गए. यह आप लोगों के खिलाफ एक बहुत बड़ी साजिश है.” उन्होंने मतदाताओं को ऐसी गतिविधियों में शामिल होने के कानूनी परिणामों के बारे में भी सचेत किया.

केजरीवाल ने कहा, ”अगर आप गलती से भी पैसे के बदले में स्याही लगवा लेते हैं या उनके निर्देश पर फर्जी वोट डाल देते हैं, तो वे आपके खिलाफ कार्रवाई करेंगे और आपको गिरफ्तार भी किया जा सकता है. धोखाधड़ी के मामलों में ऐसे अपराधों के लिए लोग आठ से 10 साल तक जेल जा चुके हैं.” ‘आप’ नेता ने लोगों से इस ”जाल” में न फंसने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि चुनाव से पहले की रात कई इलाकों में मीडिया की निगरानी से इस तरह की धोखाधड़ी का पता चल सकता है, जिससे गिरफ्तारी हो सकती है.

उन्होंने कहा, ”अगर वे आपको मुफ्त पैसे दे रहे हैं, तो ले लें, लेकिन उन्हें अपनी उंगली पर स्याही न लगाने दें. यह जीवन भर की समस्या बन जाएगी.” केजरीवाल ने किसी विशेष पार्टी का नाम लिए बिना उन लोगों के लिए कानूनी परेशानी खड़ी होने के खतरे पर जोर दिया जो अनजाने में ऐसी गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं.

उन्होंने कहा, ”अगर आप वोट देने के लिए जाए बिना स्याही लगवाते हैं, तो आपको फर्जी वोट डालने के आरोप में गिरफ्तार किया जा सकता है.” केजरीवाल ने भाजपा पर सीधा निशाना साधते हुए दावा किया, ”अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो आपकी झुग्गियां नहीं बचेंगी. वे उन्हें तोड़ देंगे और जमीन अपने अमीर मित्रों को सौंप देंगे लेकिन अगर आप मेरे हाथ मजबूत करते हैं और आम आदमी पार्टी सरकार बनाती है तो हम किसी की भी झुग्गी टूटने नहीं देंगे.” दिल्ली विधानसभा चुनाव पांच फरवरी को होंगे और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे. ‘आप’ का दिल्ली में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य है, जबकि भाजपा 25 साल से अधिक समय के बाद राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता पर काबिज होना चाहती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu