नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हर्ष पोद्दार ने बताया कि विस्फोट जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर, काटोल तहसील के कलमेश्वर थाना क्षेत्र में एशियन फायरवर्क्स में अपराह्न 1:30 बजे हुआ.
एसपी ने संवाददाताओं को बताया, ”विस्फोट में जान गंवाने वाले दोनों मजदूर मध्यप्रदेश के सिवनी और मंडला के निवासी थे. तीन लोग घायल हो गए. विस्फोट के समय पटाखा फैक्टरी में 31 लोग मौजूद थे.” पोद्दार ने बताया, ”विस्फोट का कारण स्पष्ट नहीं है. जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच रही है. यह इकाई पटाखे जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाली सुतली बनाती है.” एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान मुनीश मडावी (34) और भूरा लक्ष्मण रज्जाक (25) के रूप में हुई. उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अधिकारी ने कहा, ”विस्फोट तब हुआ जब कोयले के चूर्ण को ब्लोअर में गर्म किया जा रहा था. हम जांच करेंगे कि क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू थे और उनका पालन किया जा रहा था. हम यह भी जांचेंगे कि क्या मजदूरों को सुरक्षात्मक उपकरण दिए गए थे.” एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पूर्व में बताया था कि यह घटना विस्फोटक सामग्री बनाने एक प्रमुख कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की इकाई में हुई थी.