एफआईएच प्रो लीग : भारतीय पुरूष टीम ने स्पेन को 2-0 से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Feb 2025 10:32 PM
एफआईएच प्रो लीग : भारतीय पुरूष टीम ने स्पेन को 2-0 से हराया
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. तीसरे क्वार्टर में दो गोल करके भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग में शानदार वापसी करते हुए रविवार को रिटर्न चरण के मैच में स्पेन को 2 . 0 से हरा दिया . पहले चरण में शनिवार को भारत को स्पेन ने 3 . 1 से मात दी थी . भारतीय टीम ने रविवार को हालांकि बेहद आक्रामक खेल दिखाते हुए स्पेन को कोई मौका नहीं दिया . मनदीप सिंह ने 32वें और दिलप्रीत सिंह ने 39वें मिनट में फील्ड गोल करके भारत को पूरे तीन अंक दिलाये . अब भारत का सामना मंगलवार को जर्मनी से होगा .

भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में बाजी मारी और पहले दो क्वार्टर में कई मौके बनाये हालांकि खाता नहीं खोल सकी .
पांचवें मिनट में मनदीप को गोल करने का सुनहरा मौका मिला लेकिन स्पेन के गोलकीपर रफेल रेविला ने जबर्दस्त बचाव किया .
पहले क्वार्टर से चंद पल पहले भारत को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन जुगराज सिंह गोल नहीं कर पाये . वहीं भारतीय गोलकीपर कृशन बहादुर पाठक ने 14वें मिनट में स्पेन को मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं होने दिया .

पहले दोनों क्वार्टर में भारत ने गोल करने के काफी प्रयास किया लेकिन स्पेनिश डिफेंस को भेद नहीं सके . पहले हाफ में कोई टीम गोल नहीं कर पाई . ब्रेक के बाद भारत को दूसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जुगराज का शॉट फिर स्पेन के गोलकीपर रेविला ने बचा लिया .

मनदीप ने हालांकि करीब से दिलप्रीत के पास पर गेंद को गोल के भीतर डाला . सात मिनट बाद दिलप्रीत ने भारत के लिये अपना 32वां गोल किया जिसके सूत्रधार मनदीप और गुरजंत सिंह रहे . स्पेन को 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन उसके ड्रैग फ्लिकर पेपे सुनील गोल नहीं कर पाये . भारत को भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जुगराज फिर नाकाम रहे . भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह को इस मैच में आराम दिया गया था .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu