तेलंगाना में रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटा पहले छुट्टी की अनुमति, भाजपा नाराज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Feb 2025 07:44 PM
तेलंगाना में रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटा पहले छुट्टी की अनुमति, भाजपा नाराज
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना सरकार ने एक परिपत्र जारी कर मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के पवित्र महीने के दौरान एक घंटा पहले दफ्तर छोड़ने की अनुमति दी है. विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस कदम की आलोचना करते हुए आश्चर्य जताया है कि हिंदू त्योहारों के दौरान ऐसे उपाय क्यों नहीं किए जाते.

भाजपा ने सरकार के इस कदम को तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया. हालांकि, सरकार ने कहा कि इस तरह की सुविधा मुहैया कराना कोई नयी बात नहीं है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सरकार ने मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के दौरान तीन मार्च से 31 मार्च तक शाम चार बजे दफ्तर छोड़ने की अनुमति दी है, जो एक घंटा पहले है. सूत्रों ने बताया कि हालांकि, सेवा की अनिवार्यता के मामले में यह व्यवस्था लागू नहीं होगी.

भाजपा विधायक राजा सिंह ने कहा कि मुस्लिम कर्मचारियों को दी गई यह अनुमति ”तुष्टिकरण की राजनीति की पराकाष्ठा” है.
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सरकारी परिपत्र साझा करते हुए सिंह ने कहा, ”तेलंगाना सरकार रमजान के लिए जल्दी छुट्टी देती है, लेकिन हिंदू त्योहारों को नजरअंदाज करती है. सभी के लिए समान अधिकार, या किसी के लिए नहीं.” राजा सिंह की टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेता और अल्पसंख्यक मामलों पर सरकार के सलाहकार मोहम्मद अली शब्बीर ने कहा कि सरकार के फैसले में कुछ भी नया नहीं है.

उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ”यह सुविधा बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) शासन के दौरान दी गई थी. कई राज्यों में भाजपा सरकारें भी ऐसी सुविधा दे रही हैं. सिर्फ तेलंगाना में नहीं और सिर्फ इस साल नहीं. यह कई वर्षों से है. एक घंटा पहले छुट्टी की सुविधा दी जाती है.” शब्बीर ने कहा कि गणेश चतुर्थी और बोनालू (तेलंगाना में मनाया जाता है) जैसे त्योहारों के दौरान, समुदाय की परवाह किए बिना ऐसी विशेष सुविधाएं और व्यवस्थाएं की जाती हैं. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों की मदद करना सरकार का कर्तव्य है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu