आरएसएस के नए कार्यालय में आयोजित सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे शाह और नड्डा समेत भाजपा नेता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Feb 2025 07:20 PM
आरएसएस के नए कार्यालय में आयोजित सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे शाह और नड्डा समेत भाजपा नेता
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा प्रमुख जे.पी. नड्डा समेत पार्टी के कई नेता बुधवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की उपस्थिति में आयोजित संघ के सम्मेलन में भाग लेने यहां संघ के नए कार्यालय पहुंचे. आरएसएस के राष्ट्रीय महासचिव दत्तात्रेय होसबाले भी झंडेवालान स्थित कार्यालय में ‘कार्यकर्ता सम्मेलन’ में संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उपस्थित थे. नवनिर्मित कार्यालय केशव कुंज का निर्माण लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से आठ वर्षों में किया गया है.

सूत्रों के अनुसार, लगभग 300 कमरों और कार्यालयों वाले 13 मंजिला तीन टावरों को आरएसएस की विचारधारा और उसके काम के प्रति सहानुभूति रखने वाले 75,000 से अधिक लोगों के योगदान से बनाया गया था. आरएसएस का दिल्ली कार्यालय और उससे जुड़े कुछ संगठन पिछले कुछ महीनों में धीरे-धीरे नए बहुमंजिला परिसर में स्थानांतरित हो गए हैं. आरएसएस 2016 से एक किराए के परिसर में अपनी गतिविधियों का संचालन कर रहा था. झंडेवालान स्थित कार्यालय से संघ 1962 से काम कर रहा है. नया परिसर पहले की दो मंजिला इमारत से एक बड़ा बदलाव है, इसे हवादार और पर्याप्त सूर्य के प्रकाश के संपर्क में लाने के लिए प्राचीन वास्तुशिल्प प्रथाओं के साथ आधुनिक तकनीक का मिश्रण किया गया है.

तीन टावरों (भूतल और 12 मंजिल) के नाम साधना, प्रेरणा और अर्चना हैं. इसके सबसे बड़े सभागारों में से एक का नाम विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के एक प्रमुख पदाधिकारी अशोक सिंघल के नाम पर रखा गया है, जो राम मंदिर आंदोलन से निकटता से जुड़े हुए थे. इस आधुनिक सभागार में 463 व्यक्ति बैठ सकते हैं. एक अन्य हॉल में 650 लोग बैठ सकते हैं. आरएसएस कार्यालय में एक पुस्तकालय, स्वास्थ्य क्लिनिक और एक सीवेज उपचार संयंत्र के अलावा अपने पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए आवास सुविधाएं हैं. इसकी कुल बिजली जरूरतों का एक हिस्सा प्रदान करने के लिए इसमें सौर ऊर्जा सुविधाएं भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu