वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्पष्ट कर दिया है कि भारत को वाशिंगटन के जवाबी शुल्कों से छूट नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा, ”शुल्क के मुद्दे पर कोई भी मुझसे बहस नहीं कर सकता.” ट्रंप ने हाल ही में ‘फॉक्स न्यूज’ को दिए एक साक्षात्कार के दौरान ये टिप्पणियां कीं. फॉक्स न्यूज ने राष्ट्रपति ट्रंप और अरबपति एलन मस्क के साथ किया गया एक संयुक्त टेलीविजन साक्षात्कार मंगलवार रात को प्रसारित किया.
तेरह फरवरी को, व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री मोदी की ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक से कुछ घंटे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति ने जवाबी टैरिफ (शुल्क) की घोषणा की थी. इस योजना के तहत, ट्रंप प्रशासन प्रत्येक विदेशी व्यापार भागीदार पर लगभग बराबर का जवाबी शुल्क लगाएगा.
साक्षात्कार के दौरान ट्रंप ने अमेरिका और भारत सहित उसके साझेदारों के बीच मौजूदा शुल्क संरचनाओं पर अपना रुख दोहराया.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ”मैंने कल प्रधानमंत्री मोदी से कहा (जब वे यहां थे) ‘हम यही करने जा रहे हैं : बराबर का जवाबी शुल्क. आप जो भी शुल्क वसूलेंगे, मैं भी वैसा ही करूंगा.” ट्रंप ने कहा, ”उन्होंने (मोदी) कहा, ‘नहीं, नहीं, मुझे यह पसंद नहीं है.’ तो मैंने कहा, ‘नहीं, नहीं, आप जो भी शुल्क लगाएंगे, मैं भी वैसा ही करूंगा. मैं हर देश के साथ ऐसा ही कर रहा हूं.” अमेरिका से कुछ आयातों पर भारत बहुत कड़े शुल्क लगाता है, जैसे ऑटोमोबाइल क्षेत्र में भारत 100 प्रतिशत शुल्क लगाता है.
साक्षात्कार के दौरान मस्क ने कहा, ”यह 100 प्रतिशत है – ऑटो आयात पर 100 प्रतिशत शुल्क. हां, ये बहुत ज्यादा. और कई अन्य चीजों पर भी ऐसा ही कुछ है. मैंने कहा, ‘हम यही करने जा रहे हैं: जवाबी शुल्क. आप जो भी शुल्क लेंगे, मैं भी वही शुल्क लूंगा.” ट्रम्प ने कहा कि जवाबी शुल्क प्रणाली के तहत, अमेरिका भारतीय आयातों पर उसी स्तर का शुल्क लगाएगा जैसा भारत अमेरिकी वस्तुओं पर लगाता है.