रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री, सरकार बनाने का दावा किया पेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Feb 2025 10:35 PM
रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री, सरकार बनाने का दावा किया पेश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी. दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया. दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं गुप्ता बृहस्पतिवार दोपहर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी. उनके साथ छह विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.

गुप्ता का जन्म हरियाणा में हुआ और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी रही हैं. वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक किया है. विधायक दल की बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने घोषणा की कि रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से विधायक दल की नेता चुना गया है. भाजपा संसदीय बोर्ड ने प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था.

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने गुप्ता के नाम का प्रस्ताव किया. विधायक दल की बैठक में पार्टी के सभी 48 विधायक मौजूद थे. भाजपा ने अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) के 10 साल के शासन का खात्मा करते हुए दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है. दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ फरवरी को घोषित होने के 11 दिन बाद यह घोषणा की गई है.

भाजपा सांसद मनोज तिवारी और कमलजीत सेहरावत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रेखा गुप्ता दिल्ली की नयी मुख्यमंत्री होंगी और वह कल दोपहर 12 बजे शपथ लेंगी. मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता वर्तमान में भाजपा की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी. इसके साथ ही, वह सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी. घोषणा के तुरंत बाद, गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि वह दिल्ली के प्रत्येक नागरिक के कल्याण, सशक्तीकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगी.

गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं दिल्ली को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं. मुझ पर विश्वास करने और मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं. आपके इस भरोसे और समर्थन ने मुझे नयी ऊर्जा दी है, नयी प्रेरणा दी है.” गुप्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़ी रही हैं और महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं. गुप्ता भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी हैं.

पचास वर्षीय गुप्ता ने पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में ‘आप’ उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29,000 से अधिक मतों से हराकर शालीमार बाग क्षेत्र से जीत हासिल की थी. विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद गुप्ता ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कुछ सांसदों के साथ राजनिवास में उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया.

इस बीच, रामलीला मैदान में नयी सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं. शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार दोपहर में होगा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे. कुछ विशिष्ट मेहमानों सहित लगभग 50,000 लोगों के इस समारोह में भाग लेने की संभावना है. शपथ ग्रहण समारोह के लिए शहर के मध्य, उत्तर और नयी दिल्ली क्षेत्रों में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu