संगम का जल स्नान और आचमन दोनों के योग्य : योगी आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Feb 2025 10:26 PM
संगम का जल स्नान और आचमन दोनों के योग्य : योगी आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि संगम का जल स्नान और आचमन दोनों के योग्य पाया गया है. उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए खासतौर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव, उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा.

बजट सत्र के दूसरे दिन विधानसभा में शून्यकाल में समाजवादी पार्टी के सदस्यों की कार्यस्थगन की मांग (नियम-56 के तहत सदन की कार्यवाही रोक कर चर्चा कराने की मांग) के दौरान आरोपों का जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा,”उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड लगातार जल की गुणवत्ता की निगरानी कर रहा है तथा ताजा रिपोर्ट के अनुसार, संगम का जल स्नान और आचमन दोनों के योग्य पाया गया है.” योगी ने संगम के जल की सराहना करते हुए 2013 के दौरान गंगा और यमुना की गंदगी का जिक्र किया तथा याद दिलाया कि उस समय स्थिति इतनी खराब थी कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने गंगा में डुबकी लगाने से इनकार कर दिया था.

वर्ष 2013 में अखिलेश यादव के नेतृत्व की समाजवादी पार्टी की सरकार में भी कुंभ का आयोजन हुआ था. योगी ने नदियों की स्वच्छता का वर्णन करते हुए सदन को बताया कि इस बार 81 नालों के सिलसिले में 261 ‘एमएलडी शोधन’ की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि जनवरी और फरवरी में संगम नोज पर फीकल कोलीफार्म (मल संबंधी बैक्टेरिया)की मात्रा मानक के अनुरूप पाई गई हैं. मुख्­यमंत्री ने कहा कि यह प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट है, केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड ने भी अपनी रिपोर्ट में भी इसे मानक के अनुरूप पाया है.

उन्होंने बताया कि उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड लगातार जल की गुणवत्ता की निगरानी कर रहा है और ताजा रिपोर्ट के अनुसार, संगम का जल अब स्नान और आचमन दोनों के योग्य पाया गया है. मुख्यमंत्री ने सदन में समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों से कहा,”आप भारत को क्यों बदनाम कर रहे हैं. मुझे अफसोस है कि आप भाजपा से लड़ते-लड़ते भारत से लड़ने लगे.”

योगी ने कहा,”अब तो लोग भी कहने लगे कि राहुल गांधी की उपस्थिति देश और अखिलेश यादव की उपस्थिति उत्तर प्रदेश में भाजपा के जीत की गारंटी है, यह गारंटी उपचुनाव ने दे दी है.” उन्होंने कहा कि महाकुंभ पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा, ”शालीनता एवं मर्यादा से अपनी बात रखिए, लेकिन जीवित लोगों को मृतक न बताइए. तीर्थयात्रा में लोग श्रद्धा के साथ जाते हैं. आस्था को कैसे कोई रोक सकता है, उन्हें बदनाम न कीजिए.” मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों से अपील की कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए सनातन एवं भारत को बदनाम न कीजिए.

उन्होंने कहा, ”शासन पर प्रश्न खड़ा कीजिए, लेकिन महाकुम्भ और आस्था पर नहीं. पहले आपने कहा कि संख्या बढ़ा-चढ़ा कर कही जा रही है. उसे देखने स्वयं सपा मुखिया पहुंच गए कि वास्तव में भीड़ हो रही है कि नहीं. अब कह रहे कि भीड़ बहुत अधिक हो रही है, लोगों को स्नान का मौका नहीं मिल रहा है, तिथि आगे बढ़ा दीजिए.” योगी ने आरोप लगाया,” यह इनका दोहरा चरित्र है. पहले विरोध करते हैं, फिर कहते हैं कि तिथि आगे बढ़ा दीजिए. यही बात अभी चच्चू (शिवपाल यादव) भी कह रहे थे, लेकिन तिथि हम नहीं तय करते. यह आयोजन पौष पूर्णिमा से शिवरात्रि तक होना है. शिवरात्रि की तिथि तय है. ” मुख्यमंत्री ने शिवपाल यादव की चुटकी लेते हुए धन्यवाद दिया कि आपने मिल्कीपुर में सहयोग किया.

योगी ने राहुल गांधी एवं अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा,” नाम का असर होता ही है, पप्पू और टप्पू (अखिलेश का उपनाम टीपू) में बहुत अंतर नहीं होता. चच्चू (शिवपाल यादव) ने वैसे ही नाम नहीं रखा है. अभी चच्चू शांत हैं, लेकिन समय आने पर अपना रंग दिखाएंगे.” विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने योगी के भाषण समाप्त होने के बाद सपा सदस्यों द्वारा सदन की कार्यवाही रोक कर चर्चा कराने की मांग को अग्रा’ कर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu