उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 01 Mar 2025 01:19 PM
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

मैनपुरी: मैनपुरी जिले में एक ही कंटेनर ट्रक से जुड़े अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार देर रात ट्रक चालक को एटा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया।

मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने शनिवार को बताया कि चालक की पहचान सिमरनप्रीत ंिसह के रूप में हुई है जो शुक्रवार को कानपुर से राजपुर (पंजाब) भूसा ले जा रहा था। उन्होंने कहा कि शुक्रवार देर शाम वह गलत तरीके से मैनपुरी शहर में प्रवेश निषिद्ध क्षेत्र में घुस गया और करहल चौराहे पर पुलिस ने कंटेनर को रोकने तथा प्रवेश निषिद्ध क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कंटेनर की गति तेज कर दी और इस दौरान दो महिलाओं को कुचल दिया।

अधिकारी ने बताया कि हादसे में तारा देवी (40) की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी बहू और पोती घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि कंटेनर को रोकने और चालक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने उसका पीछा किया।

एसपी ने बताया कि कुरौली में, कंटेनर ने खिरिया पीपल गांव की दिव्या (28) को कुचल दिया, जो अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी ने यह भी बताया कि वायरलेस पर संदेश मिलने पर कुरौली थाने के निरीक्षक ने कंटेनर ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रक चालक ने उन्हें टक्कर मारने का प्रयास किया। हालांकि, निरीक्षक को टक्कर नहीं लगी। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक को शुक्रवार देर रात एटा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया और ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital