प्रधानमंत्री मोदी ने वनतारा की सराहना की, लोगों से जानवरों के प्रति दया का भाव रखने का किया आग्रह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Mar 2025 07:27 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने वनतारा की सराहना की, लोगों से जानवरों के प्रति दया का भाव रखने का किया आग्रह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वन्यजीव संरक्षण, बचाव और पुनर्वास की अनूठी पहल ‘वनतारा’ की सराहना करते हुए लोगों से जानवरों के प्रति दया का भाव रखने का आग्रह किया. प्रधानमंत्री ने रविवार को गुजरात के जामनगर जिले में पशु बचाव, संरक्षण और पुनर्वास केंद्र वनतारा का दौरा किया था करीब 3,000 एकड़ क्षेत्र में फैला वनतारा, रिलायंस इंडस्ट्रीज के जामनगर रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स में स्थित है. यह हाथियों और वन्यजीवों के कल्याण के लिए सर्मिपत एक बचाव केंद्र है, जो दुर्व्यवहार और शोषण से बचाए गए जानवरों को अभयारण्य, पुनर्वास और चिकित्सा देखभाल प्रदान करता है.

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”वनतारा नामक एक अनूठी वन्यजीव संरक्षण, बचाव और पुनर्वास पहल का उद्घाटन किया, जो पारिस्थितिकी स्थिरता और वन्यजीव कल्याण को बढ़ावा देते हुए जीव-जन्तुओं के लिए एक सुरक्षित पर्यावास प्रदान करती है.” उन्होंने कहा, ”मैं इस अत्यंत सहानुभूतिशील प्रयास के लिए अनंत अंबानी और उनकी पूरी टीम की सराहना करता हूं. वनतारा जैसा प्रयास वाकई सराहनीय है, यह हमारे सदियों पुराने लोकाचार का जीवंत उदाहरण है कि हम उन जीव-जन्तुओं की भी रक्षा करते हैं, जो इस पृथ्वी पर हमारे साथ रहते हैं.” मोदी ने कहा कि वनतारा में उन्होंने एक हाथी को देखा, जो तेजाब हमले का शिकार हुआ था.

उन्होंने कहा, ”हाथी का बेहद सावधानी से इलाज किया जा रहा था. अन्य हाथी भी थे, जिन्हें अंधा कर दिया गया था और वह भी, विडंबना यह है कि उनके महावत द्वारा. एक अन्य हाथी को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी. यह एक महत्वपूर्ण सवाल को रेखांकित करता है कि लोग इतने लापरवाह और क्रूर कैसे हो सकते हैं?” उन्होंने कहा, ”आइए हम इस तरह की गैरजिम्मेदारी को खत्म करें और जानवरों के प्रति दया पर ध्यान दें.” मोदी ने कहा कि एक वाहन की चपेट में आने के बाद एक शेरनी को रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी.

उन्होंने कहा, ”उसे उचित देखभाल मिल रही थी. अपने परिवार द्वारा छोड़े गए तेंदुए के शावक को उचित पोषण देखभाल के साथ नया जीवन मिला है. मैं वनतारा की टीम को ऐसे कई जानवरों की देखभाल के लिए बधाई देता हूं.” वनतारा 2,000 से अधिक प्रजातियों और 1.5 लाख से अधिक बचाए गए, लुप्तप्राय और खतरे वाले जानवरों का घर है. मोदी ने केंद्र में विभिन्न सुविधाओं का पता लगाया और वहां पुनर्वास किए गए जानवरों की विभिन्न प्रजातियों के साथ समय बिताया. प्रधानमंत्री ने अपने इस दौरे से जुड़ी कई तस्वीरें भी साझा कीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu