बारीपदा/पारादीप. ओडिशा के मयूरभंज जिले में गुटखा खरीदने के लिए 10 रुपये देने से मना करने पर 40 वर्षीय बेटे ने मगंलवार को अपने पिता की हत्या कर दी. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हत्या करने के बाद बेटा अपने पिता का कटा हुआ सिर लेकर पुलिस थाने चला गया और आत्मसमर्पण कर दिया.
उन्होंने बताया, ”आरोपी बेटे ने धारदार हथियार से अपने 70 वर्षीय पिता का सिर काट दिया, जिसके बाद वह कटा हुआ सिर लेकर चंदुआ थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया. उसकी मां मौके से फरार हो गई. आरोपी और उसके माता-पिता के बीच तीखी नोकझोंक के बाद ये हत्या की गई.” मृतक की पहचान बैधार सिंह के रूप में हुई है.
बारीपदा के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी प्रवत मल्लिक ने बताया, ”एक मामूली सी बात पर हत्या की गई. आरोपी तब नाराज हो गया जब उसके पिता ने गुटखे के लिए 10 रुपये देने से इनकार कर दिया.” अधिकारी ने बताया कि पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ गांव पहुंची और जांच जारी है.
ऑनलाइन गेम की लत का विरोध करने पर युवक ने माता-पिता और बहन की हत्या कर दी
ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में ऑनलाइन गेम खेलने से मना करने पर कॉलेज के एक छात्र ने अपने माता-पिता और बहन की पत्थर से हमला कर कथित रूप से हत्या कर दी. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक (एसपी) भवानी शंकर उद्गाता ने बताया कि यह घटना जगतसिंहपुर थाना क्षेत्र के जयबाड़ा सेठी साही में रात करीब तीन बजे हुई. उन्होंने बताया कि छात्र ने अपने माता-पिता तथा बहन का सिर पत्थरों या किसी अन्य कठोर वस्तु से कथित तौर पर कुचल दिया.
जगतसिंहपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रभास साहू के अनुसार, प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सूर्यकांत सेठी (21) अपने माता-पिता और बहन से इसलिए नाराज था क्योंकि वे उसे मोबाइल फोन पर ऑनलाइन गेम खेलने से रोकते थे. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रशांत सेठी उर्फ कालिया (65), उनकी पत्नी कनकलता (62) और बेटी रोजलिन (25) के रूप में हुई है.
एसपी ने बताया, ”घटना के बाद सूर्यकांत सेठी गांव के पास छिप गया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया.” उद्गाता के मुताबिक, आशंका है कि युवक किसी मानसिक समस्या से पीड़ित है. स्थानीय विधायक अमरेंद्र दास ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर परिवार के लोग एक बार उनके पास आए थे. ग्रामीणों ने दावा किया कि सूर्यकांत ने अपने माता-पिता की हत्या करने की बात उनके सामने स्वीकार की है. पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है.