बेलग्रेड. सर्बिया की संसद में मंगलवार को हुए हंगामे के दौरान तीन सांसद घायल हो गए. इस दौरान ‘स्मोक बम’ फेंके गए. इस घटना के बाद बाल्कन देश में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है. सदन की कार्यवाही के दौरान सांसदों को विश्वविद्यालय शिक्षा के लिए वित्त पोषण बढ़ाने वाले कानून पर मतदान करना था, लेकिन विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पक्ष दर्जनों अन्य निर्णयों को भी मंजूरी दिलाने की योजना बना रहा है.
उन्होंने कहा कि यह अवैध है और सांसदों को पहले प्रधानमंत्री मिलोस वुसेविक और उनकी सरकार के इस्तीफे की पुष्टि करनी चाहिए. सर्बिया के कानून के तहत प्रधानमंत्री के इस्तीफे की पुष्टि संसद से होनी आवश्यक है. संसद का सत्र शुरू होने के करीब एक घंटे बाद अराजकता की स्थिति पैदा हो गई. विपक्षी सांसदों ने सदन में सीटियां बजाईं और एक बैनर लहराया जिस पर लिखा था ”सर्बिया का उत्थान हुआ है, इसलिए शासन का पतन होगा.” सत्र के दौरान सैकड़ों सरकार विरोधी संसद भवन के बाहर एकत्र थे.
संसद से प्राप्त तस्वीरों और वीडियो में दिख रहा है कि पहले सांसदों के बीच झड़प हुई और बाद में ‘स्मोक बम’ फेंके गए. र्सिबयाई मीडिया ने बताया कि अंडे और पानी की बोतलें भी फेंकी गईं. अधिकारियों ने बाद में बताया कि हंगामे के दौरान तीन लोग घायल हो गए.
सदन की अध्यक्ष एना ब्रनाबिक ने विपक्ष को ”आतंकवादी गिरोह” करार दिया. उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है.
यह घटना सर्बिया में गहराते राजनीतिक संकट को दर्शाती है, जहां महीनों से चल रहे भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों की वजह से सरकार मुश्किल में फंसी हुई है.
वुसेविक ने जनवरी में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि प्रशासन को नवंबर में देश के उत्तरी हिस्से में एक कंक्रीट की छत गिरने की घटना के कारण बढ़ते विरोध का सामना करना पड़ रहा था. उक्त घटना में 15 लोगों की मौत हो गई थी और आलोचकों ने इसके लिए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया था.