राज्यसभा चुनाव के परिणाम के बाद राणे ने मांगा उद्धव से इस्तीफा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jun 2022 06:52 PM
राज्यसभा चुनाव के परिणाम के बाद राणे ने मांगा उद्धव से इस्तीफा

ऑडियो सुनें

मुंबई. केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता नारायण राणे ने राज्यसभा चुनाव में शिवसेना के प्रदर्शन को लेकर रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इस्तीफे देने की मांग की और दावा किया कि उनकी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार अल्पमत में है. शिवसेना और ठाकरे के कटु आलोचक माने जाने वाले राणे ने संवाददाताओं से कहा कि चुनाव में शिवसेना के दूसरे उम्मीदवार की हार मुख्यमंत्री के लिए र्शिमंदगी की बात है, जो पार्टी के अध्यक्ष भी हैं.

महाराष्ट्र की छह राज्यसभा सीटों के लिये शुक्रवार को हुए चुनाव में शिवसेना के संजय पवार भाजपा के धनंजय महादिक से हार गए. इन चुनाव में भाजपा को तीन और एमवीए में शामिल दलों शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस को 1-1 सीट पर जीत मिली.
राणे ने कहा, ”उन्हें (शिवसेना को) सत्ता में बनाए रखने के लिए आवश्यक वोट भी नहीं मिले. उन्हें एमवीए गठबंधन के वोट भी नहीं मिले. मुख्यमंत्री अल्पमत में हैं. आप (ठाकरे) इस्तीफा दें. वह महाराष्ट्र को 10 साल पीछे ले गए हैं.”

By Yogesh Kumar Sahu