महिला वैज्ञानिक पर दो पालतू कुत्तों ने किया हमला, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 27 Mar 2025 01:17 PM
महिला वैज्ञानिक पर दो पालतू कुत्तों ने किया हमला, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

मुंबई: महाराष्ट्र में मुंबई के पवई इलाके में दो पालतू कुत्तों ने 37 वर्षीय एक महिला वैज्ञानिक पर हमला कर दिया। इस घटना में घायल होने के बाद वैज्ञानिक को नाक की सर्जरी करानी पड़ी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मामले में एक अधिकारी ने बताया कि हमला करने वाले दोनों कुत्ते (एक पिटबुल और एक डोबरमैन) दिवेश विर्क नामक व्यक्ति के हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना 22 मार्च की सुबह हुई। उन्होंने बताया कि जिस समय कुत्तों ने महिला वैज्ञानिक पर हमला किया उस दौरान ये कुत्ते विर्क के चालक और घरेलू सहायिका की देखरेख में थे।

अधिकारियों ने बताया कि कुत्तों के मालिक, चालक और घरेलू सहायिका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस समय यह घटना हुई उस दौरान एक निजी फर्म में कार्यरत अनुसंधान वैज्ञानिक ऋचा कौशिक-अरोड़ा पवई के जलवायु विहार स्थित अपने फ्लैट की ओर जा रही थीं।

आरोपी घरेलू सहायिका और चालक विर्क की कार में कुत्तों के साथ वहां पहुंचे। विर्क का घर महिला के फ्लैट के पड़ोस में ही है। अधिकारी ने बताया कि घरेलू सहायिका ने कुत्तों के पट्टे पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद दोनों कुत्तों ने महिला पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि इस हमले में वैज्ञानिक के चेहरे, नाक, हाथ और पैर पर घाव हो गए।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक को उनके ससुर और एक अन्य व्यक्ति ने निजी अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी नाक की सर्जरी की गई है। सूचना मिलने पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पवई पुलिस ने 23 मार्च को तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और प्रकरण की जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital