कुलदीप, विपराज की बेहतरीन गेंदबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को सात विकेट पर 163 रन पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Apr 2025 09:58 PM
कुलदीप, विपराज की बेहतरीन गेंदबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को सात विकेट पर 163 रन पर रोका
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. स्पिनर कुलदीप यादव और विपराज निगम के शानदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार वापसी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को बृहस्पतिवार को आईपीएल के मैच में सात विकेट पर 163 रन पर रोक दिया . बायें हाथ के स्पिनर कुलदीप ने चार ओवर में 17 रन देकर और लेग स्पिनर विपराज ने चार ओवर में 18 रन देकर दो दो विकेट लिये . इससे पहले दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया .

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की शुरूआत काफी विस्फोटक रही और तीन ही ओवर में 50 रन बन गए . फिल साल्ट ने सिर्फ 17 गेंद में 37 रन की पारी खेली . इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने आस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क को तीसरे ओवर में दो छक्के और तीन चौके जड़कर 24 रन निकाले . वह विराट कोहली के साथ रन लेने के लिये गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए. कोहली और साल्ट ने पहले विकेट के लिये 24 गेंद में 61 रन जोड़े . लेग स्पिनर विपराज के आने पर रनगति पर रोक लगी . उन्होंने पांचवें ओवर में दो ही रन दिये . इसके बाद मोहित शर्मा ने किफायती ओवर डाला . देवदत्त पड्डिकल (एक) ने मोहित को ऊंचा शॉट खेला जिसमें ताकत नहीं थी और अक्षर पटेल को आसान कैच दे बैठे .

कोहली ने विपराज को लांगआन पर छक्का लगाया लेकिन इसी गेंदबाज का शिकार भी हुए . उन्होंने 14 गेंद में 22 रन बनाये . इसके बाद जितेश शर्मा (चार) और लियाम लिविंगस्टोन (तीन) जल्दी विकेट गंवा बैठे . आरसीबी का स्कोर 13वें ओवर में पांच विकेट पर 102 रन था . मेजबान टीम ने आठ ओवर में 41 रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिये . छठे से 13वें ओवर के बीच आरसीबी के बल्लेबाजों ने महज दो चौके और एक छक्का लगाया . कुलदीप ने रजत पाटीदार (25) का विकेट चटकाया . टिम डेविड (20 गेंद में नाबाद 37) ने आखिर में कुछ अच्छे स्ट्रोक्स खेलकर आरसीबी को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu