लक्ष्य सेन थाईलैंड ओपन से बाहर, मालविका, आकर्षि और उन्नति अगले दौर में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 May 2025 08:47 PM
लक्ष्य सेन थाईलैंड ओपन से बाहर, मालविका, आकर्षि और उन्नति अगले दौर में
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन थाईलैंड ओपन के पहले दौर से बाहर हो गए जबकि मालविका बंसोड़, आकर्षि कश्यप और उन्नति हुड्डा इस 4,75,000 डॉलर इनामी सुपर 500 टूर्नामेंट में कड़े मुकाबले जीतकर महिला एकल के दूसरे दौर में पहुंच गईं .

विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान के साथ त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद भारत की शीर्ष खिलाड़ी हैं और इस महिला युगल जोड़ी ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करते हुए ओंग शी और सी टिंग की मलेशिया की जोड़ी को 21 . 15, 21 . 13 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई. भारत की तीसरी वरीय जोड़ी अगले दौर में जापान की रुइ हिरोकामी और सयाका होबारा से भिड़ेंगी. सेन को आयरलैंड के एन एंगुयेन ने एक घंटे 20 मिनट तक चले मैच में 18 . 21, 21 . 9, 17 .21 से हराया .

पहला गेम हारने के बाद सेन ने दूसरे में लय हासिल कर ली लेकिन निर्णायक गेम में एंगुयेन ने उन्हें उबरने का मौका ही नहीं दिया .
प्रियांशु राजावत भी पहले दौर में बाहर हो गए जिन्हें इंडोनेशिया के अल्वी फरहान ने 21 . 13, 17 . 21, 21 . 16 से मात दी. महिला एकल में दुनिया की 23वें नंबर की खिलाड़ी मालविका ने तुर्की की नेस्लिहान आरिन को तीन गेम में 21 . 12, 13 . 21, 21 . 17 से हराया. वह अगले दौर में पूर्व विश्व चैंपियन और सातवीं वरीय रतचानोक इंतानोन से भिड़ेंगी. आर्किष ने जापान की कोआरू सुगियामा को 21 . 16, 20 . 22, 22 . 20 से हराया . उन्नति ने थाईलैंड की थामोंवान एन को 21 . 14, 18 . 21, 23 . 21 से मात दी. रक्षिता श्री संतोष रामराज पहले दौर में सिंगापुर की यिओ जिया मिन से 18 . 21, 7 . 21 से हार गई .

पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन अनुपमा उपाध्याय को इंतानोन के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 11 . 21 9 . 21 से हार का सामना करना पड़ा.
के सेल्वम और एस सिंघी की महिला युगल तथा पी कृष्णमूर्ति रॉय और एस प्रतीक के की पुरुष युगल जोड़ी को भी पहले दौर में हार झेलनी पड़ी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu