ब्रिटिश पर्वतारोही ने 19वीं बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की, रिकॉर्ड तोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 May 2025 08:58 PM
ब्रिटिश पर्वतारोही ने 19वीं बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की, रिकॉर्ड तोड़ा
ऑडियो सुनें

काठमांडू. ब्रिटिश पर्वतारोही गाइड ने रविवार को 19वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की और उन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत पर सबसे अधिक बार चढ़ाई करने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया. ब्रिटिश पर्वतारोही, माउंट एवरेस्ट पर सबसे ज्यादा बार चढ़ाई करने वाले ऐसे व्यक्ति हैं, जो शेरपा नहीं हैं.

‘हिमालयन गाइड्स नेपाल’ के ईश्वरी पौडेल ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड के रहने वाले 51 वर्षीय केंटन कूल ने रविवार को कई अन्य पर्वतारोहियों के साथ 8,849 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई की और उनका स्वास्थ्य अच्छा है तथा वे शिखर से नीचे उतर रहे हैं.
‘हिमालयन गाइड्स नेपाल’ ने अभियान में जरूरी सामान मुहैया कराया था. कूल ने पहली बार 2004 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी और तब से वे लगभग हर साल ऐसा करते आ रहे हैं.

वह 2014 में एवरेस्ट पर चढ़ने में असमर्थ रहे थे क्योंकि 16 शेरपा गाइडों के हिमस्खलन में मारे जाने के बाद अभियान को रद्द कर दिया गया था. वर्ष 2015 में जब भूकंप के कारण हिमस्खलन हुआ था, तब 19 लोगों की मौत हो गयी थी. कोरोनावायरस महामारी के कारण 2020 में सत्र को रद्द कर दिया गया था. सैकड़ों पर्वतारोही और उनके गाइड वसंत मौसम में चढ़ाई के दौरान पहाड़ पर हैं, जिनमें से कई पहले ही सफल हो चुके हैं, जबकि इस महीने के अंत में चढ़ाई बंद होने से पहले और भी प्रयास करने की उम्मीद है.

महीने के अंत में बारिश के मौसम में स्थिति खराब हो जाती है, जिससे चढ़ाई मुश्किल हो जाती है. कूल से ज्यादा बार चोटी पर सिर्फ नेपाली शेरपा गाइड ही चढ़े हैं. माउंट एवरेस्ट पर सबसे ज्यादा 30 बार चढ़ने का रिकॉर्ड नेपाली शेरपा गाइड कामी रीता के नाम है, जो इस समय भी पहाड़ पर हैं और उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में वे चढ़ाई कर लेंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu