ऑपरेशन सिंदूर: आतंकवाद पर भारत के विचार प्रस्तुत करने के लिए बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों की रवानगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 May 2025 10:53 PM
ऑपरेशन सिंदूर: आतंकवाद पर भारत के विचार प्रस्तुत करने के लिए बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों की रवानगी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद संजय झा के नेतृत्व में एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान से उत्पन्न आतंकवाद पर भारत का पक्ष रखने के लिए बुधवार को जापान रवाना हुआ. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और उसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष के बाद नयी दिल्ली के रुख से अवगत कराने के लिए प्रतिनिधिमंडल दक्षिण कोरिया, मलेशिया, इंडोनेशिया और सिंगापुर का भी दौरा करेगा.

पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला लेने के लिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाया था. पहलगाम में हुए हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए थे. सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में झा ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य दुनिया को पाकिस्तान की आतंकवाद को संरक्षण देने की नीति और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में सच्चाई बताना है.

झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी, बृजलाल, प्रधान बरुआ और हेमांग जोशी, कांग्रेस नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जॉन ब्रिटास और पूर्व राजदूत मोहन कुमार शामिल हैं.

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”आतंकवाद के खिलाफ ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति.” मंत्रालय ने कहा, ”जदयू सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का पहला समूह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भारत के राजनयिक संपर्क के हिस्से के रूप में पांच देशों की यात्रा पर रवाना हुआ है.” इसने कहा कि प्रतिनिधिमंडल इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य, जापान और सिंगापुर का दौरा करेगा, ताकि सभी तरह के आतंकवाद से निपटने के भारत के संकल्प की पुष्टि की जा सके.

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में एक अन्य प्रतिनिधिमंडल भी संयुक्त अरब अमीरात, लाइबेरिया, कांगो और सिएरा लियोन के लिए रवाना हुआ. सरकार पाकिस्तान की साजिशों और आतंकवाद के प्रति भारत की प्रतिक्रिया के बारे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अवगत कराने के लिए सात प्रतिनिधिमंडल भेज रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu