नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ की फिराक में पाक और बांग्लादेशी नागरिक, सीमा पर ‘हाई अलर्ट’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 May 2025 07:57 PM
नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ की फिराक में पाक और बांग्लादेशी नागरिक, सीमा पर ‘हाई अलर्ट’
ऑडियो सुनें

बहराइच. बहराइच जिले में 30 से अधिक पाकिस्तानी और बांग्लादेशी नागरिकों द्वारा हिंदुस्तान में घुसपैठ करने के प्रयास की खुफिया रिपोर्ट के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बलों को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है. पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच संदिग्ध घुसपैठियों के नेपाल पहुंचने की आशंका है.

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 42वीं वाहिनी के सेनानायक गंगा सिंह उदावत ने बुधवार शाम संवाददाताओं से कहा, ”एसएसबी उच्च मुख्यालय से प्राप्त विशेष सूचना के मुताबिक, 35 से 37 बांग्लादेशी और पाकिस्तानी नागरिक अपने-अपने देशों से सीमा पार कर नेपाल आ गए हैं.” उन्होंने कहा, ”अब वे भारत और नेपाल की खुली सीमा के रास्ते नेपाल से भारत में घुसपैठ करने की कोशिश करेंगे और हम उन्हें तुरंत पकड़कर कानून के हवाले करने के लिए तैयार हैं.” कमांडेंट उदावत ने इस बात पर जोर दिया कि एसएसबी ऐसी किसी भी कोशिश का मुकाबला करने के लिए तैयार है.

उन्होंने कहा, ”भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल में हम उन अवांछित लोगों को पकड़ने के लिए चौबीसों घंटे तैयार हैं, ताकि वे खुली सीमा का फायदा उठाकर भारत में प्रवेश न कर सकें. इन खतरों का मुकाबला करने के लिए एसएसबी ने अपनी गश्त तेज कर दी है.” कमांडेंट उदावत ने चौबीसों घंटे लगातार जांच अभियान चलाने की जानकारी दी जिसमें जवान सड़कों, जंगलों और सीमा से सटे गांवों में पैदल और वाहनों से लगातार गश्त कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि सीमा पार करने वाले व्यक्तियों की पहचान सत्यापित करने के लिए जांच चौकियों की संख्या बढ़ा दी गयी है और इस वक्त सिर्फ भारतीय और नेपाली नागरिकों को नेपाल सीमा से प्रवेश की अनुमति दी जा रही है. लगभग 1750 किलोमीटर तक फैली भारत-नेपाल सीमा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल सहित पांच भारतीय राज्यों को छूती है. अकेला उत्तर प्रदेश ही नेपाल के साथ 579 किलोमीटर की सीमा साझा करता है. जिन जिलों की सीमा नेपाल से लगती है, उनमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu