मिचेल मार्श का शतक, सुपर जाइंट्स ने गुजरात टाइटंस को 236 रन का लक्ष्य दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 May 2025 10:13 PM
मिचेल मार्श का शतक, सुपर जाइंट्स ने गुजरात टाइटंस को 236 रन का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श के पहले आईपीएल शतक और निकोलस पूरन के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से लखनऊ सुपर जाइंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को यहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ दो विकेट पर 235 रन बनाए.
मार्श ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 64 गेंद में आठ छक्कों और 10 चौकों से 117 रन बनाए और पूरन (नाबाद 56 रन, 27 गेंद, पांच छक्के, चार चौके) के साथ दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी करके टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. मार्श ने इससे पहले एडेन मार्करम (36) के साथ पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई.

सुपर जाइंट्स की टीम पहले ही प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है जबकि टाइटंस की टीम प्ले ऑफ में जगह सुनिश्चित कर चुकी है.
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे सुपर जाइंट्स को मार्करम और मार्श की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पावर प्ले में 53 रन जोड़े. मार्करम ने मोहम्मद सिराज की मैच की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला और फिर अगले ओवर में अरशद खान की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए. मार्श ने अरशद पर छक्का जड़ा. बल्लेबाजी की अनुकूल दिख रही पिच पर मार्करम ने कागिसो रबाडा पर लगातार दो छक्कों से मार्श के साथ पांचवीं बार अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की. मार्श ने भी प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया.

मार्श ने 10वें ओवर में किशोर पर छक्के के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन मार्करम इसी ओवर में शाहरूख खान को कैच देकर पवेलियन लौट गए. मार्करम ने 24 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के मारे. मार्श और पूरन ने इसके बाद पारी को आगे बढ.ाया. पूरन ने किशोर की पहली ही गेंद को लॉन्ग ऑफ पर छक्के के लिए भेजकर खाता खोला. सुपर जाइंट्स के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ.

मार्श ने 12वें ओवर में राशिद खान को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में दो छक्के और तीन चौके से 25 रन बटोरे. पूरन ने भी राशिद के अगले ओवर में छक्का मारा और फिर किशोर पर चौका और छक्का जड़ा. उन्होंने सिराज पर भी दो चौके और एक छक्का मारा.
मार्श ने अरशद पर चौके और फिर एक रन के साथ 56 गेंद में शतक पूरा किया. वह मौजूदा सत्र में शतक जड़ने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी हैं. मार्श ने प्रसिद्ध पर दो और छक्के मारे लेकिन फिर अरशद की गेंद पर शेरफेन रदरफोर्ड को कैच दे बैठे. पूरन ने इससे पहले प्रसिद्ध की गेंद पर एक रन के साथ सिर्फ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. टाइटंस की ओर से किशोर और अरशद ने क्रमश: 34 और 36 रन देकर एक-एक विकेट चटकाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu