‘हेरा फेरी 3’ से परेश रावल के बाहर होने पर अक्षय के वकील ने कहा, ‘गंभीर कानूनी परिणाम होंगे’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 May 2025 11:07 PM
‘हेरा फेरी 3’ से परेश रावल के बाहर होने पर अक्षय के वकील ने कहा, ‘गंभीर कानूनी परिणाम होंगे’
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता अक्षय कुमार की कंपनी ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स’ का प्रतिनिधित्व करने वाली वकील ने कहा है कि परेश रावल के फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ से बाहर होने के फैसले ने सभी को चौंका दिया और इसके ‘गंभीर कानूनी परिणाम’ होंगे. परेश रावल के पिछले सप्ताह अचानक इस फिल्म से अलग होने पर फिल्म जगत के साथ ही सिने-प्रेमी चकित रह गए. दर्शक करीब 20 वर्ष से ‘हेरा फेरी’ फिल्म के तीसरे भाग का इंतजार कर रहे हैं. खबरों के अनुसार, ‘हेरा फेरी 3’ के निर्माता अक्षय कुमार ने रावल के इस कदम के लिए उन पर मुकदमा दायर किया है.

अक्षय की कंपनी का प्रतिनिधित्व करने वाले ‘परिनम लॉ एसोसिएट’ की संयुक्त प्रबंध भागीदार पूजा तिड़के ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मुझे लगता है कि इसके गंभीर कानूनी परिणाम होंगे. इससे निश्चित रूप से फिल्म को नुकसान होगा. हमने उन्हें पत्र लिखकर बताया है कि इसमें कई कानूनी परिणाम शामिल हैं.” उन्होंने बताया, “कलाकारों, सहयोगी कलाकारों, प्रमुख अभिनेताओं, उपकरणों, ट्रेलर की शूटिंग पर खर्च किया गया है.” पूजा ने बताया कि परेश रावल ने जनवरी में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से फिल्म में अपनी भागीदारी का स्पष्ट संकेत दिया था.

उन्होंने बताया, “इसके बाद फिल्म के ट्रेलर की शूटिंग के लिए अनुबंध किए गए. वास्तव में, फिल्म का लगभग साढ.े तीन मिनट का हिस्सा शूट किया गया था. अचानक, कुछ दिन पहले, हमें परेश जी से एक नोटिस मिला, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अब फिल्म से जुड़े नहीं हैं और फिल्म से जुड़ना नहीं चाहते हैं. इसलिए, निश्चित रूप से यह सभी को हैरान कर देने वाला फैसला था.” पूजा ने कहा कि अनुबंध से पीछे हटने से फिल्म को ‘गंभीर नुकसान’ होता है. परेश रावल ने हालांकि अब तक कानूनी नोटिस का जवाब नहीं दिया है. अक्षय की वकील ने बताया कि उन्होंने परेश रावल को जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu