कॉनवे और ब्रेविस के अर्द्धशतक, सीएसके ने गुजरात टाइटन्स को दिया 231 रन का लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 May 2025 07:41 PM
कॉनवे और ब्रेविस के अर्द्धशतक, सीएसके ने गुजरात टाइटन्स को दिया 231 रन का लक्ष्य
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. अनुभवी क्रिकेटर डेवोन कॉनवे (52 रन) और डेवाल्ड ब्रेविस (57 रन) ने विपरीत अंदाज में अर्धशतक जड़े जिससे चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पांच विकेट पर 230 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.

सीएसके के बल्लेबाजों ने कप्तान एमएस धोनी के टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के फैसले के बाद शानदार शुरूआत कराई. कॉनवे ने 35 गेंद में 52 रन और ब्रेविस ने 23 गेंद में अर्धशतक जड़े. सीएसके लिए आयुष म्हात्रे (34 रन, 17 गेंद पर) और उर्विल पटेल (37 रन, 19 गेंद पर) ने अच्छी शुरूआत की. इन दोनों ने क्रमश: 200 और 194 के स्ट्राइक रेट से रन बनाकर सुनिश्चित किया कि टीम तेजी से रन बनाए.

चेन्नई की टीम ने 3.4 ओवर में 44 रन बनाकर शानदार शुरुआत की जो म्हात्रे के तेज गेंदबाज अरशद खान के ओवर में बनाए गए 28 रन से ही संभव हो सका. म्हात्रे ने दूसरे ओवर में अरशद के ओवर में 2, 6, 6, 4, 4, 6 रन बनाए. चेन्नई ने इस लय को बरकरार रखा.
म्हात्रे को हाल में भारत की अंडर-19 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था, पर तेज शुरूआत कराने के बाद वह प्रसिद्ध कृष्णा (22 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर मोहम्मद सिराज के हाथों कैच आउट हो गए.

लेकिन उर्विल ने आक्रामक खेल जारी रखा और कॉनवे के साथ दूसरे विकेट के लिए 63 रन जोड़े. उनकी पारी का मुख्य आकर्षण अनुभवी स्पिनर राशिद खान के खिलाफ खेला गया पिक अप शॉट था जो उनके सिर के ऊपर से छक्के के लिए चला गया. हालांकि छक्का लगाने के तुरंत बाद उर्विल बाएं हाथ के स्पिनर साई किशोर की गेंद पर आउट हो गए. कॉनवे ने अर्धशतक जड़ने के बाद आक्रामकता दिखाने की कोशिश की और राशिद को लांग-ऑन पर छक्का लगाने के बाद अगली गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए.

लेकिन ब्रेविस ने भारत के तेज गेंदबाज सिराज पर दो छक्के और एक चौका जड़कर अपने ‘बेबी एबीडी’ टैग को पूरी तरह से सही साबित किया. उन्होंने पार्क के चारों ओर गुजरात के गेंदबाजों की धुनाई की. दक्षिण अफ्रीकी के इस खिलाड़ी ने रविंद्र जडेजा (18 गेंद में नाबाद 21 रनत्र के साथ पांचवें विकेट के लिए 74 रन की भागीदारी निभाई. यह सीएसके के युवा बल्लेबाज की इस आईपीएल में अंतिम पारी है और वह अंतिम गेंद पर आउट हो गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu