पंत की शतकीय पारी से सुपर जायंट्स ने आरसीबी को दिया 228 रन का लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 10:45 PM
पंत की शतकीय पारी से सुपर जायंट्स ने आरसीबी को दिया 228 रन का लक्ष्य
ऑडियो सुनें

लखनऊ. कप्तान ऋषभ पंत ने लय में वापसी करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र के आखिरी लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ नाबाद 118 रन की आक्रामक पारी खेली जिससे लखनऊ सुपर जायंट्स ने तीन विकेट पर 227 रन बनाये.

पूरे सत्र में खराब लय के कारण आलोचना झेलने वाले पंत ने 61 गेंद की नाबाद पारी में 11 चौके और आठ छक्के लगाने के साथ दूसरे विकेट के लिए मिचेल मार्श के साथ 78 गेंद में 152 रन की साझेदारी कर के बड़े स्कोर की नींव रखी. मार्श ने 37 गेंद में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 67 रन बनाये. आरसीबी के लिए नुवान तुषारा ने चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट लिया. भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड को भी एक-एक सफलता मिली लेकिन दोनों काफी महंगे साबित हुए.

बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर मार्श ने तुषारा के खिलाफ शुरुआती ओवर में चौका लगाया तो वही सत्र का अपना पहला मैच खेल रहे मैथ्यू ब्रिट्जके (14) ने कृणाल पंड्या की गेंद पर छक्का जड़ दिया. वह हालांकि तुषारा की यॉर्कर गेंद पर बोल्ड हो गये. पूरे सत्र में खराब बल्लेबाजी के कारण आलोचना झेलने वाले पंत ने यश दयाल के खिलाफ छक्का और दो चौके के साथ चौथे ओवर से 18 रन बटोर कर अपने तेवर दिखाये.

उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ भी डीप मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का और फिर चौका लगाकर लय में वापसी का संकेत दिया. पंत ने 10वें ओवर में सुयश शर्मा के खिलाफ छक्का और दो चौके लगाकर 30 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने इससे पहले मौजूदा सत्र का इकलौता अर्धशतक 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जड़ा था. पंत ने उस मैच में 63 रन बनाये थे. इस बीच मार्श ने शेफर्ड की गेंद को लांग ऑन के ऊपर से गेंद को दर्शकों के पास भेज कर मौजूदा सत्र में अपने 600 रन पूरे किये.

मार्श ने अगले ओवर में सुयश के खिलाफ छक्के के साथ 31 गेंद में अपना पचासा पूरा किया. इसी ओवर में पंत ने लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाया. मार्श ने 16वें ओवर में भुवनेश्वर की शुरुआती दो गेंदों पर छक्के जड़े लेकिन अगली गेंद पर विकेट के पीछे लपके गये. पंत ने भुवनेश्वर के अगले ओवर में चौके के साथ 54 गेंद में अपना शतक पूरा करने के साथ टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया. निकोल्स पूरन (13) बड़े शॉट खेलने में संघर्ष कर रहे थे लेकिन पंत ने शतक पूरा करने के बाद आखिरी दो ओवरों में यश दयाल और शेफर्ड के खिलाफ छक्के लगाकर टीम के स्कोर को 225 रन के पार पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu