नयी दिल्ली. थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने शुक्रवार को कहा कि ‘अग्निपथ’ योजना के तहत आयु सीमा को 21 से बढ़ाकर 23 वर्ष करने का निर्णय उन युवाओं को अवसर प्रदान करेगा जो सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पिछले दो साल से कोविड-19 महामारी के कारण ऐसा नहीं कर पाये. जनरल पांडे ने कहा कि सेना में भर्ती के लिए उम्र में एकबारगी छूट देने के सरकार के फैसले के बाद भर्ती प्रक्रिया की घोषणा जल्द की जाएगी.
थल सेना प्रमुख ने आकांक्षी युवाओं से सेना में ‘अग्निवीर’ के रूप में शामिल होने के अवसर का लाभ उठाने का भी आ’’ान किया.
सेना प्रमुख ने एक बयान में कहा कि सरकार का योजना के तहत भर्ती की प्रवेश आयु को बढ़ाकर 23 वर्ष करने का निर्णय 2022 के भर्ती चक्र के लिए है.
उन्होंने कहा, ”यह निर्णय हमारे कई ऊर्जावान और देशभक्त युवाओं के लिए एक अवसर प्रदान करेगा जो कोविड-19 महामारी के बावजूद भर्ती की प्रक्रिया में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे और पिछले दो साल में कोविड प्रतिबंधों के कारण पूरी नहीं हो सकीं.” जनरल पांडे ने कहा, ”भर्ती प्रक्रिया का कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा. हम अपने युवाओं से भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होने के इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान करते हैं.”
‘अग्निपथ योजना’ में अधिकतम उम्र सीमा बढ़ाए जाने से उम्मीदवारों को होगा फायदा: गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि रक्षा सेवाओं में भर्ती संबंधी ‘अग्निपथ योजना’ में शामिल होने की अधिकतम उम्र सीमा बढ़ाने के केंद्र सरकार के फैसले से बड़ी संख्या में उन युवाओं को फायदा होगा, जो उम्र के इस दायरे से बाहर हो गए थे. गडकरी ने एक ट्वीट में कहा कि युवाओं का सशक्तीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शीर्ष प्राथमिकता है, खासकर कोविड-19 महामारी के बाद.
उन्होंने कहा, ‘‘अग्निपथ योजना में उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र सीमा 21 साल से 23 साल किए जाने के फैसले से सेना में भर्ती के इच्छुक उन युवाओं को फायदा होगा जो पहले उम्र सीमा के दायरे से बाहर हो गए थे. इस पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभारी हूं.’’
‘अग्निपथ’ संबंधी उम्र सीमा में बढ़ोतरी से बड़ी संख्या में युवाओं को लाभ होगा: अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि रक्षा सेवाओं में भर्ती संबंधी ‘अग्निपथ योजना’ में शामिल होने की अधिकतम उम्र सीमा बढ़ाने के केंद्र के फैसले से बड़ी संख्या में युवाओं को फायदा होगा. शाह ने कहा कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण पिछले दो साल में सेना में भर्ती की प्रक्रिया बाधित हुई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं की ंिचता करते हुए एक संवेदनशील फैसला किया है.
शाह ने ट्वीट किया, ‘‘पिछले दो वर्ष में कोरोना वायरस महामारी के कारण सेना में भर्ती की प्रक्रिया प्रभावित हुई, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की ंिचता करते हुए ‘अग्निपथ योजना’ के तहत पहले वर्ष में उम्र सीमा में दो वर्ष की रियायत देकर इसे 21 साल से 23 साल करने का संवेदनशील निर्णय लिया है.’’
उन्होंने ट्वीट किया कि इस निर्णय से बड़ी संख्या में युवा लाभान्वित होंगे और वे ‘अग्निपथ’ योजना के माध्यम से देशसेवा एवं अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ेंगे. शाह ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया.