अहमदाबाद विमान दुर्घटना: जीवित बचे यात्री को अस्पताल से मिली छुट्टी, भाई के अंतिम संस्कार में शामिल

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 05:18 PM
अहमदाबाद विमान दुर्घटना: जीवित बचे यात्री को अस्पताल से मिली छुट्टी, भाई के अंतिम संस्कार में शामिल
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद: एअर इंडिया विमान दुर्घटना में चमत्कारिक रूप से जीवित बचे विश्वास कुमार रमेश को उपचार के बाद अहमदाबाद सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी और उन्होंने बाद में अपने भाई के अंतिम संस्कार में भाग लिया जो उसी विमान में उनके साथ यात्रा कर रहा था।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ब्रिटेन के लीसेस्टर के 40 वर्षीय कारोबारी विश्वास को मंगलवार शाम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने पत्रकारों को बताया कि डीएनए जांच में विश्वास के भाई अजय की पहचान होने के बाद उनका शव बुधवार तड़के परिवार को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया, ‘‘विश्वास का परिवार ब्रिटेन से पहले ही यहां पहुंच गया है। स्वस्थ होने के बाद हमने विश्वास को मंगलवार को शाम साढ़े सात बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी और डीएनए का मिलान होने के बाद उनके भाई का शव भी परिवार को सौंप दिया गया।’’

दीव के रहने वाले विश्वास और अजय भारत में अपने परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय बिताने के बाद लंदन लौट रहे थे। सोशल मीडिया पर आयी एक वीडियो में विश्वास को केंद्र शासित प्रदेश दादर और नागर हवेली तथा दमन और दीव के एक जिले दीव में श्मशान घाट में अपने भाई की अर्थी को कंधा देते हुए देखा जा सकता है।

स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की कि अजय के परिवार के सदस्यों ने बुधवार सुबह दीव में उसका अंतिम संस्कार किया और विश्वास भी वहां मौजूद थे। दुर्घटना के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिविल अस्पताल में विश्वास से मुलाकात की थी और उनका हालचाल पूछा था।

इससे पहले दूरदर्शन को दिए एक साक्षात्कार में विश्वास ने बताया था कि विमान की लंदन के गैटविक हवाई अड्डे तक नौ घंटे की यात्रा थी लेकिन वह अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ सेकंड भीतर ही रुक गया था। विश्वास के अनुसार, उनकी सीट 11ए विमान की बायीं ओर आपातकालीन निकासी द्वार के करीब थी।

उन्होंने पत्रकारों को बताया था, ‘‘सौभाग्य से, विमान का वह हिस्सा जहां मैं बैठा था, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद छात्रावास परिसर के भूतल पर गिर गया। जब मैंने देखा कि विमान का दरवाज़ा टूटा हुआ है, तो मैंने खुद से कहा कि मैं कोशिश करके बाहर निकल सकता हूं। आखिरकार, मैं विमान से बाहर आ गया।’’

दुर्घटना के तुरंत बाद एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा बनायी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी, जिसमें कुमार को दुर्घटना में चोटें आने के बाद एम्बुलेंस की ओर चलते हुए देखा जा सकता है। गौरतलब है कि 12 जून को दोपहर 1.39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद 242 लोगों को लेकर जा रहा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  2. 2 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  3. 3 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।
  4. 4 Deepak Mittal दवाईयों का ज्यादा डोज कारोबारी की मौत का कारण, दीपक मित्तल की बेटी का आरोप, सोने की चेन और कड़ा गायब, संदिग्ध युवती से पूछताछ जारी

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital