केंद्र, जम्मू कश्मीर सरकार अमरनाथ तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है: शेखावत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Jun 2025 08:41 PM
केंद्र, जम्मू कश्मीर सरकार अमरनाथ तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है: शेखावत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बृहस्पतिवार को अमरनाथ की यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को उच्च स्तर की सुरक्षा दिए जाने का आश्वासन दिया. दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के मट्टन में मार्तण्ड सूर्य मंदिर के दर्शन करने के बाद शेखावत ने तीर्थयात्रियों से घाटी के पर्यावरण और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित करने की भी अपील की.

शेखावत ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ”लोगों को अमरनाथ यात्रा के लिए आना चाहिए. अमरनाथ यात्रा सुरक्षित है, भारत सरकार और राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और आपको एक खरोंच तक नहीं आएगी.” अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और नौ अगस्त को समाप्त होगी. शेखावत ने नजदीकी पर्यटन स्थल पहलगाम का भी दौरा किया, जहां 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने 25 पर्यटकों और एक स्थानीय खच्चर सेवा प्रदाता की हत्या कर दी थी. उन्होंने कहा कि कश्मीर सुरक्षित है और पर्यटकों को न केवल घाटी की प्राकृतिक सुंदरता बल्कि उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देखने के लिए भी कश्मीर आना चाहिए.

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”मैं भारत के 140 करोड़ लोगों से अपील करता हूं कि वे कश्मीर की विरासत, ऐतिहासिक भव्यता और दिव्यता के साथ-साथ इसकी प्राकृतिक सुंदरता को भी देखने का प्रयास करें.” घाटी में प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण के बारे में पूछे गए एक सवाल पर शेखावत ने कहा कि कुछ जीर्णोद्धार कार्य किए गए हैं, लेकिन और अधिक कार्य किए जाने की आवश्यकता है.
केंद्रीय मंत्री ने मंदिर में दर्शन करने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी पोस्ट किया.

शेखावत ने कहा, ”मार्तण्ड मंदिर के दर्शन किए, जो कश्मीर के सभ्यतागत अतीत के गौरव का प्रतिबिंब है. महान राजा ललितादित्य द्वारा निर्मित, सूर्य को सर्मिपत यह भव्य मंदिर भारत के सबसे प्रारंभिक और सबसे शानदार सूर्य मंदिरों में से एक है.” उन्होंने कहा, ”यदि यह अपने जीर्ण-शीर्ण रूप में इतना अद्भुत दिखता है, तो मंदिर के आकार, मूर्तिकला और घाटी के ऊपर एक पठार पर रणनीतिक स्थान को देखते हुए, कोई भी इसकी प्राचीन भव्यता की कल्पना कर सकता है.” मंत्री ने पुलवामा जिले के अवंतीपुरा इलाके में अवंती स्वामी मंदिर के भी दर्शन किए.

उन्होंने कहा, ”कश्मीर के अवंतीपुरा मंदिर परिसर में आज एक मनमोहक सुबह. ये पत्थर, जो राजा अवंतीवर्मन द्वारा अपनी राजधानी में बनवाए गए विशाल मंदिरों के अवशेष हैं, उस युग की सांस्कृतिक गाथा को बयां करते हैं. ” शेखावत ने कहा कि उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ वहां पर्यटक सुविधाओं और रखरखाव के प्रयासों की समीक्षा की.

उन्होंने मंगलवार को मध्य कश्मीर के गांदरबल में तलमुल्ला में माता खीर भवानी मंदिर और नारानाग मंदिर के दर्शन किए थे.
मंगलवार शाम को शेखावत ने जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की. उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ”जम्मू कश्मीर की यात्रा के दौरान मुझे माननीय मुख्यमंत्री श्री उमर अब्दुल्ला जी ने रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया था. सौहार्दपूर्ण माहौल में और गर्मजोशी से हमने जम्मू-कश्मीर में पर्यटन क्षेत्र के विकास पर सकारात्मक और दूरदर्शी चर्चा की.” शेखावत ने कहा कि चर्चा में बुनियादी ढांचे को बढ.ाने, विरासत स्थलों का प्रचार करने और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय समुदायों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करने पर जोर दिया गया. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन जम्मू-कश्मीर को एक वैश्विक पर्यटन स्थल में बदलने की ”हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता” को दर्शाते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu